कर्नाटक उच्च न्यायालय ने आरसीबी के मार्केटिंग हेड निखिल सोसले की याचिका पर सुनवाई की। उन्हें भगदड़ के कथित मामले में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने इस आधार पर अंतरिम राहत की मांग की थी कि उनकी गिरफ्तारी अवैध थी। बुधवार को दोनों पक्षों की ओर से दलीलें पूरी हो गई हैं। अब अदालत ने गुरुवार यानी 12 जून दोपहर ढाई बजे तक के लिए आदेश सुरक्षित रख लिया है। बता दें कि, चार जून को बंगलूरू में चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
कर्नाटक उच्च न्यायालय ने इस मामले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के विपणन प्रमुख निखिल सोसले को किसी प्रकार की अंतरिम राहत देने से मंगलवार को इनकार किया था। अदालत ने सोसले की याचिका पर अपना आदेश 11 जून तक सुरक्षित रखा था। अब खबर आई है कि इस मामले में सुनवाई पूरी हो चुकी है और अदालत ने 12 जून दोपहर ढाई बजे तक के लिए आदेश सुरक्षित रख लिया है। सोसले को केंद्रीय अपराध शाखा ने छह जून को गिरफ्तार किया था। सोसले ने अपनी याचिका में छह जून को सुबह उन्हें गिरफ्तार किए जाने की वैधता पर सवाल उठाया था और आरोप लगाया था कि पुलिस की कार्रवाई राजनीतिक निर्देशों से प्रभावित है।
कोर्ट ने राज्य सरकार से पूछे कुछ गंभीर सवाल
कार्यवाहक चीफ जस्टिस वी कामेश्वर राव और जस्टिस सीएम जोशी की खंडपीठ ने बृहस्पतिवार को इस त्रासदी के मद्देनजर स्वत: संज्ञान रिट याचिका पर ये सवाल उठाए हैं। मामले की सुनवाई करते हुए पीठ ने इस पैमाने के खेल आयोजनों और सार्वजनिक समारोहों के लिए 50,000 से अधिक लोगों की भीड़ को प्रबंधित करने के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अस्तित्व पर भी सवाल उठाए हैं।
कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अधिकारियों का इस्तीफा
वहीं, इससे पहले बंगलूरू भगदड़ के बाद विवादों में घिरे कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ की ओर से बड़ी जानकारी आई थी। जानकारी के मुताबिक, ए. शंकर और ईएस जयराम ने केएससीए के सचिव और कोषाध्यक्ष के रूप में अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने आरसीबी के आईपीएल ट्रॉफी समारोह के दौरान मची भगदड़ की नैतिक जिम्मेदारी ली।
कोहली भी मामले में फंसते नजर आए
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी बंगलूरू भगदड़ मामले में फंसते दिखाई पड़े। सामाजिक कार्यकर्ता एच.एम वेंकटेश ने कोहली को हादसे का जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। आरसीबी ने मंगलवार को पंजाब किंग्स को हराकर आईपीएल 2025 का खिताब जीता था। यह इस फ्रेंचाइजी का पहला आईपीएल खिताब था जिसके बाद बंगलूरू में जश्न मनाने का फैसला किया गया था।
कर्नाटक सरकार ने बढ़ाई मुआवजे की राशि
बंगलूरू भगदड़ मामले में कर्नाटक सरकार ने मुआवजे की राशि को बढ़ाने का एलान किया था। कर्नाटक की सिद्दारमैया सरकार ने मृतकों के परिवारों को 25 लाख रुपया मुआवजे के रूप में देने की घोषणा की। पहले यह रकम 10 लाख थी। वहीं आरसीबी भी इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपए के मुआवजे का एलान कर चुकी है।