भारतीय टीम के नवनियुक्त मुख्य कोच गौतम गंभीर ने श्रीलंका पहुंचने के एक दिन बाद अपनी जिम्मेदारी निभाना शुरू कर दी। गंभीर के नेतृत्व में भारतीय टीम ने अपने पहले अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। भारत को 27 जुलाई से श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है जिसके बाद इतने ही मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जाएगी। भारतीय टीम टी20 में सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में उतरेगी, जबकि वनडे में टीम की कमान रोहित शर्मा संभालेंगे।
राहुल द्रविड़ का कार्यकाल समाप्त होने के बाद मुख्य कोच बनने वाले गंभीर ने ट्रेनिंग सत्र के दौरान टीम का नेतृत्व किया और अभ्यास सत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने हलका अभ्यास किया जिसमें क्षेत्ररक्षण अभ्यास, दौड़ने और गेंद को पकड़ने का अभ्यास शामिल था। इस दौरान टीम के खिलाड़ी टी 20 अंतरराष्ट्रीय टीम के नए कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ बातचीत करते देखे गए।
गंभीर ने सैमसन के साथ बिताया समय
गंभीर ने बल्लेबाजी अभ्यास कर रहे संजू सैमसन के साथ बातचीत करने के बाद मैदान पर हरफनमौला शिवम दुबे के साथ समय बिताया। गंभीर ने सैमसन को बल्लेबाजी के कुछ टिप्स भी दिए। मालूम हो कि सैमसन टी20 विश्व कप की 15 सदस्यीय भारतीय टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें टूर्नामेंट के दौरान एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था।
नायर-डसकाटे भी सहयोगी स्टाफ का हिस्सा
भारत के पूर्व ऑलराउंडर अभिषेक नायर और नीदरलैंड के बल्लेबाज रेयान टेन डसकाटे श्रीलंका दौरे के लिए गंभीर के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं। इन तीनों ने हाल ही में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को आईपीएल 2024 खिताब दिलाने के लिए सहयोग किया था। द्रविड़ के सहयोगी स्टाफ का हिस्सा क्षेत्ररक्षण कोच टी दिलीप टीम के साथ बने हुए हैं। इसके अतिरिक्त, बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) से जुड़े साईराज बहुतुले इस दौरे में अंतरिम गेंदबाजी कोच के रूप में काम करेंगे।