भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए 2026 टी20 वर्ल्ड कप को लेकर उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। इस बीच, मशहूर कमेंटेटर हर्षा भोगले ने टूर्नामेंट के लिए भारत की संभावित 15 सदस्यीय टीम का चयन किया है। भोगले ने अपनी टीम का ऐलान क्रिकबज के एक शो में किया, जहां उन्होंने चयन के पीछे की सोच और कुछ अहम फैसलों पर विस्तार से चर्चा की।
गिल और अभिषेक ओपनर, जायसवाल हुए बाहर
भोगले ने ओपनिंग जोड़ी के तौर पर शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा को चुना है। यह चयन काफी दिलचस्प है क्योंकि उन्होंने युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल को टीम में जगह नहीं दी। जायसवाल हाल ही में शानदार फॉर्म में रहे हैं, लेकिन भोगले के मुताबिक गिल और अभिषेक का संयोजन टीम के लिए बेहतर संतुलन लाएगा।
हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर भरोसा
हर्षा भोगले ने टीम में हार्दिक पांड्या को शामिल किया है, जो फिलहाल चोट से उबर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उम्मीद है हार्दिक टी20 वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह फिट हो जाएंगे और अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से टीम को मजबूती देंगे। बता दें कि पांड्या को एशिया कप 2025 के दौरान क्वाड्रिसेप्स इंजरी लगी थी, जिसके चलते वह ऑस्ट्रेलिया सीरीज से बाहर थे।
अनुभव और युवा जोश का मिश्रण
भोगले की टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण दिखता है। सूर्यकुमार यादव को कप्तान बनाया गया है जबकि शुभमन गिल उपकप्तान होंगे। विकेटकीपर के तौर पर संजू सैमसन और जितेश शर्मा दोनों को जगह मिली है। मिडिल ऑर्डर में तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, और शिवम दुबे जैसे भरोसेमंद बल्लेबाज शामिल हैं।
गेंदबाजी विभाग में अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, और कुलदीप यादव जैसे ऑलराउंड विकल्प हैं, जबकि स्पिन में वरुण चक्रवर्ती को जगह दी गई है। तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की जोड़ी भोगले की पहली पसंद रही।
हर्षा भोगले की टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उप-कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (WK), जितेश शर्मा (WK), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।