दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाज हाशिम अमला ने हाल ही में अपनी ऑल टाइम वनडे प्लेइंग इलेवन का एलान किया है, जिसमें उन्होंने कई दिग्गजों को जगह दी है। हालांकि, अमला ने भारत के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा को टीम में शामिल नहीं किया, जिससे भारतीय फैंस काफी हैरान हैं। वहीं, दूसरी तरफ टी20 फॉर्मेट की बात आने पर अमला ने रोहित को अपना नंबर-1 खिलाड़ी बताया है।
अमला की वनडे ऑल टाइम इलेवन
एक पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान अमला ने अपनी वनडे इलेवन का खुलासा किया। उन्होंने ओपनिंग जोड़ी के रूप में सचिन तेंदुलकर और एडम गिलक्रिस्ट का चयन किया। तीसरे नंबर पर विराट कोहली, जबकि चौथे पर ब्रायन लारा को रखा गया। अमला के मुताबिक, 'कोहली की निरंतरता और लारा की क्लास दोनों उन्हें इस सूची में अनिवार्य बनाते हैं।' पांचवें नंबर पर उन्होंने अपने साथी और मित्र एबी डिविलियर्स को रखा। वहीं, जैक कैलिस को नंबर छह और महेंद्र सिंह धोनी को विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में सातवें नंबर पर जगह दी। गेंदबाजी विभाग में अमला ने दो महान स्पिनरों मुथैया मुरलीधरन और शेन वॉर्न को शामिल किया। तेज गेंदबाजी के लिए उन्होंने वसीम अकरम और डेल स्टेन को चुना।
अमला की वनडे इलेवन इस प्रकार है: सचिन तेंदुलकर, एडम गिलक्रिस्ट, विराट कोहली, ब्रायन लारा, एबी डिविलियर्स, जैक कैलिस, एमएस धोनी, शेन वॉर्न, मुथैया मुरलीधरन, वसीम अकरम, डेल स्टेन।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि अमला ने रोहित शर्मा को इस टीम में शामिल नहीं किया। रोहित वनडे इतिहास में तीन दोहरे शतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं और उनके नाम वनडे का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर (264 रन) भी दर्ज है।
टी20 में रोहित शर्मा नंबर-1
हालांकि, वनडे में रोहित को बाहर करने वाले अमला ने टी20 क्रिकेट में रोहित की तारीफों के पुल बांध दिए। उन्होंने कहा, 'रोहित शर्मा अब भी मेरे पसंदीदा खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्हें खेलते देखना एक खुशी की बात है। उनके शॉट्स में सहजता और क्लास है।' रोहित शर्मा ने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। उनके बाद विराट कोहली ने भी टी20 क्रिकेट को अलविदा कहा।
टी20 के लिए अमला ने तीन पसंदीदा बल्लेबाजों के नाम बताए। उन्होंने रोहित शर्मा, हेनरिक क्लासेन (दक्षिण अफ्रीका) और सूर्यकुमार यादव (भारत) के नाम लिए। अमला ने सूर्यकुमार की 360 डिग्री बल्लेबाजी और क्लासेन की पावर-हिटिंग की भी जमकर तारीफ की।