भारतीय टीम के लिए बेहद बुरी खबर है। टीम इंडिया के धुरंधर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ऑस्ट्रेलिया सीरीज से बाहर हो चुके हैं। भारत की मेजबानी में 24 फरवरी से शुरू हो रही टी-20 और वन-डे सीरीज से पहले पांड्या को पीठ में मांसपेशियों के खिंचाव के चलते सीरीज से बाहर होना पड़ा है।
हार्दिक की जगह 5 मैच की वनडे सीरीज के लिए रवींद्र जडेजा को टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
विशेष: क्या हार्दिक पांड्या के बाहर होने का पूरा फायदा उठा पाएंगे रवींद्र जडेजा?
आपको बता दें भारत-ऑस्ट्रेलिया टी-20 सीरीज का पहला मैच 24 फरवरी को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला 27 फरवरी को बेंगलुरु में होगा। दोनों मैच शाम 7 बजे होंगे। इसके बाद 5 मैच की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जो 2 मार्च से शुरू होगी।
बीसीसीआई ने बयान में कहा, 'बोर्ड की मेडिकल टीम ने ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को आराम देने का फैसला किया है। उन्हें लोअर बैक की समस्या के उपचार के लिए बेंगलुरु में नैशनल क्रिकेट अकैडमी में जाने को कहा गया है। वह अगले सप्ताह एनसीए जाएंगे।'