भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांडया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच के लिए इंडिया-ए की कप्तानी सौंपी गई है। यह मैच मुंबई के बार्बोन स्टेडियम में 16 से 18 फरवरी तक खेला जाएगा। टीम इंडिया के मौजूदा समय के सबसे सफल ऑलराउंडर के तौर पर अपनी पहचान बना चुके पांडया को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए चयनकर्ताओं ने यह तोहफा दिया है।
बता दें कि इस अभ्यास मैच के लिए टीम में रणजी ट्रॉफी के कई नए चेहरों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर टीम में जगह दी गई है। पांडया की अगुवाई वाली टीम में रिषभ पंत, अशोक डिंडा और शाहबाज नदीम को शामिल किया गया है। झारखंड की तरफ से रणजी खेलने वाले नदीम ने इस साल रणजी सीजन में सबसे ज्यादा विकेट हासिल किए हैं।
प्रियांक पंचाल और राहुल सिंह पर होंगी सबकी निगाहें
इस मैच में सबकी निगाहें पिछले रणजी ट्रॉफी में गुजरात के टॉप स्कोरर प्रियांक पंचाल और सर्विसेज बल्लेबाज राहुल सिंह पर होंगी। राहुल ने पिछले सीजन में 72 की बेहतरीन औसत से 945 रन बनाए थे। ईशान किशन को भविष्य में लंबे फार्मेट के लिए विकेटकीपर के तौर पर तैयार किया जा रहा है वहीं रिषभ पंत को भविष्य में इस वर्ग के बल्लेबाज के तौर पर तैयार किया जा रहा है।
टीम इस प्रकार है
भारत ए: हार्दिक पंड्या (कप्तान), अखिल हेरवादकर, प्रियांक पांचाल, श्रेयस अय्यर, अंकित बावने, रिषभ पंत, इशान किशन, शाहबाज नदीम, कष्णाप्पा गौतम, कुलदीप यादव, नवदीप सैनी, अशोक डिंडा, मोहम्मद सिराज, राहुल सिंह और बाबा इंद्रजीत।