फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्लैपगेट विवाद ने फिर पकड़ा तूल: श्रीसंत की बॉक्सिंग चुनौती पर हरभजन का पलटवार, कहा- खाली बर्तन आवाज करते हैंं

Fri, 19 Jun 2026 09:58 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पूर्व क्रिकेटर एस. श्रीसंत ने 2008 के 'स्लैपगेट' विवाद को लेकर हरभजन सिंह को बॉक्सिंग रिंग में मुकाबले की खुली चुनौती दी है। इसके बाद हरभजन ने सोशल मीडिया पर 'खाली बर्तन ही आवाज करते हैं' वाला क्रिप्टिक पोस्ट साझा किया, जिसे श्रीसंत के बयान का जवाब माना जा रहा है।

विज्ञापन
श्रीसंत-हरभजन और स्लैपगेट विवाद - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय क्रिकेट के चर्चित 'स्लैपगेट' विवाद ने एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं। पूर्व तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत द्वारा हरभजन सिंह को बॉक्सिंग रिंग में उतरने की खुली चुनौती देने के बाद अब हरभजन सिंह ने भी सोशल मीडिया पर एक क्रिप्टिक पोस्ट साझा कर प्रतिक्रिया दी है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे सीधे तौर पर श्रीसंत के बयान से जोड़कर देखा जा रहा है।
विज्ञापन
Trending Videos

श्रीसंत ने दी थी बॉक्सिंग मुकाबले की चुनौती
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान श्रीसंत को हरभजन सिंह के साथ बॉक्सिंग ग्लव्स पहने उनकी पुरानी तस्वीर दिखाई गई थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रीसंत ने कहा था कि अगर हरभजन में हिम्मत है तो वे बॉक्सिंग रिंग में आकर उनका सामना करें। श्रीसंत ने कहा था, 'क्या आपके पास हिम्मत है? क्या आप मेरे साथ रिंग में उतर सकते हैं? मैं आपको खुली चुनौती देता हूं। आइए और मुकाबला कीजिए।' उन्होंने आगे कहा कि अगर हरभजन 'स्लैपगेट' विवाद से जुड़े विज्ञापनों के जरिए कमाई कर सकते हैं, तो उन्हें भी वास्तविक मुकाबले के जरिए कमाने का मौका मिलना चाहिए।

हरभजन का क्रिप्टिक पोस्ट हुआ वायरल
श्रीसंत के बयान के एक दिन बाद हरभजन सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, 'खाली बर्तन ही आवाज करते हैं।' वीडियो में हरभजन कहते नजर आए, 'किसी ने बहुत खूब कहा है कि करने दो जो लोग बकवास करते हैं, हमेशा खाली बर्तन ही तो आवाज करते हैं।' हालांकि हरभजन ने वीडियो में कहीं भी श्रीसंत का नाम नहीं लिया, लेकिन समय और संदर्भ को देखते हुए सोशल मीडिया यूजर्स इसे श्रीसंत की चुनौती का जवाब मान रहे हैं।


श्रीसंत-हरभजन और स्लैपगेट विवाद - फोटो : IPL
2008 के 'स्लैपगेट' विवाद से जुड़ा है मामला
दोनों खिलाड़ियों के बीच तनाव की शुरुआत आईपीएल 2008 में हुई थी। मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के मैच के बाद हरभजन सिंह ने मैदान पर श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था। यह घटना आईपीएल इतिहास के सबसे विवादित पलों में गिनी जाती है।

बाद के वर्षों में दोनों खिलाड़ियों के रिश्ते सामान्य होते दिखाई दिए। हरभजन ने कई मौकों पर उस घटना पर खेद भी जताया और दोनों को कई कार्यक्रमों एवं विज्ञापनों में साथ देखा गया। हालांकि हाल ही में एक विज्ञापन को लेकर श्रीसंत ने नाराजगी जाहिर की थी। उनका आरोप है कि पुराने विवाद का इस्तेमाल मनोरंजन और व्यावसायिक लाभ के लिए किया गया।
विज्ञापन

क्या होगा आगे?
फिलहाल हरभजन सिंह ने सीधे तौर पर श्रीसंत की चुनौती स्वीकार या खारिज नहीं की है। उनका 'खाली बर्तन' वाला पोस्ट जरूर चर्चा का विषय बन गया है। अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजर इस बात पर है कि क्या यह विवाद सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित रहेगा या दोनों पूर्व क्रिकेटरों के बीच बयानबाजी का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें