पहले ही मुकाबले में गत चैंपियन मुंबई इंडियंस को आईपीएल की नई टीम राइजिंग पुणे के हाथों हार झेलनी पड़ी। पुणे की टीम ने 9 विकेट और 32 गेंद रहते मैच जीता। लेकिन इस हार के बीच भी हरभजन अपने खाते में सुर्खियां बटोरने में सफल रहे।
टीम के बल्लेबाजों ने हालांकि निराश किया लेकिन हरभजन ने बल्ला थामते ही फैंस के चेहरों में कुछ समय के मुस्कान लौटा दी थी। विस्फोटक पारी खेलते हुए हरभजन ने महज 30 गेंदों में 45 नाबाद रनों की पारी खेली।
हरभजन बल्लेबाजी में आठवें नंबर पर आए थे। यह आईपीएल में उनका दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है। इससे पहले 2015 में उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 64 रनों की पारी खेली थी। उस वक्त भी वह आठवें क्रम पर ही बल्लेबाजी करने आए थे।
आईपीएल इतिहास में आठवें नंबर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में हरभजन के ये दो स्कोर ही टॉप 2 में हैं। इस मुकाबले में मुंबई के बल्लेबाजों की ओर से लगाए गए कुल 12 चौकों और 2 छक्कों में से हरभजन ने अकेले ही 1 छक्का और 7 चौके जड़े।
इस मुकाबले में हरभजन 12 वें ओवर में बल्लेबाजी करने आए थे। हरभजन की बदौलत मुंबई की टीम ने आखिरी तीन ओवरों में 41 रन ठोंके और स्कोर को 121 रन तक पहुंचाया। इससे पहले 17वें ओवर तक मुंबई का स्कोर 7 विकेट पर 80 रन था।