बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने भले ही अपने दामाद गुरुनाथ मयप्पन को महज क्रिकेटप्रेमी कहा हो लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के ओपनर माइकल हसी ने बोर्ड अध्यक्ष की पोल खोल कर रख दी है।
हसी का कहना है कि श्रीनिवासन के दामाद और सट्टेबाजी का आरोपी मयप्पन ही चेन्नई आईपीएल टीम का संचालक था।
हसी ने अपनी किताब ‘अंडरनीथ द सदर्न क्रास’ में इस बात का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि टीम मालिक एन श्रीनिवासन ने मयप्पन को टीम की कमान सौंप दी थी।
हसी ने किताब में लिखा, ‘हमारी मालिक इंडिया सीमेंट्स है जिसके प्रमुख एन श्रीनिवासन हैं।’
उन्होंने कहा, ‘चूंकि वह बीसीसीआई बोर्ड में हैं तो उन्होंने कमान अपने दामाद गुरुनाथ को सौंप दी। वह कोच केपलर वेसल्स के साथ टीम का संचालन करता है।’
आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले में गुरुनाथ और 21 अन्य के खिलाफ सट्टेबाजी, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप में आरोपपत्र दायर किया गया है।
मयप्पन पर टीम की गोपनीय सूचनाएं जाहिर करने और सट्टे के लिए उनके इस्तेमाल का आरोप है।
हसी की किताब ऐसे समय रिलीज हुई है जब श्रीनिवासन बोर्ड में स्थिति को बहाल करने को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।
श्रीनिवासन को रविवार को बीसीसीआई की सालाना आम बैठक में बोर्ड अध्यक्ष के पद पर एक वर्ष का विस्तार दिया है। लेकिन वह उच्चतम न्यायालय का इस मामले में निर्णय आने तक अध्यक्ष के तौर पर काम नहीं कर सकेंगे।
पहले मयप्पन से झाड़ा था पल्ला
आईपीएल-6 में सट्टोबाजी में नाम आने के बाद गिरफ्तार हुए मयप्पन से सुपर किंग्स ने खुद को अलग कर लिया था।
टीम की मालिकाना हक वाली कंपनी इंडिया सीमेंट ने तो मयप्पन को टीम प्रिंसिपल होने तक से इंकार कर दिया था। इस मामले के बाद श्रीनिवासन को बोर्ड की गतिविधियों से खुद को अलग करना पड़ था।