आईपीएल-9 में धोनी की टीम पुणे कोई कमाल नहीं दिखा पा रही है, लेकिन सुरेश रैना की कप्तानी वाली टीम गुजरात लायंस की किस्मत जोरदार खेल दिखा रही है और लाजवाब खेल के साथ वह टूर्नामेंट में अब तक के सफर में शीर्ष पर बनी हुई है।
पिछले साल तक धोनी और रैना एक ही टीम चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते थे, लेकिन स्पॉट फिक्सिंग के कारण सुप्रीम कोर्ट की ओर से 2 साल के लिए लगे प्रतिबंध के बाद चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स को अगले 2 साल के लिए निलंबित कर दिया गया। उनकी जगह पुणे और गुजरात की नई टीम बनाई गई, और क्रमशः इसकी कमान धोनी और रैना को मिली।
लेकिन बदली टीम और हालात के आधार पर धोनी अभी तक कोई संयोजन नहीं बना पाए हैं लेकिन रैना की टीम ने अभी तक के खेल में सभी को अपना दीवाना बना रखा है। गुजरात की टीम में ज्यादातर खिलाड़ी चेन्नई की टीम के हैं और इस बार उनकी किस्मत भी बढ़िया साथ दे रही हैं।
गुजरात ने इस बार दोनों ही मौकों पर धोनी की टीम को पटखनी दी, वहीं 7 में से 6 मैचों में मिली जीत में उसकी 3 जीत ऐसी है जो उसे मैच की आखिरी गेंद या एक रन के अंतर से मिली है। बीती रात उसने धोनी की टीम को लगातार दूसरी बार हराया तो वह भी आखिरी गेंद पर।
स्टीवन स्मिथ के शानदार शतक और अजिंक्य रहाणे की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत पुणे ने गुजरात के सामने जीत के लिए 196 रनों का लक्ष्य रखा था जिसे उसने 20वें ओवर की अंतिम गेंद पर 196 रन बनाकर 3 विकेट से जीत हासिल कर ली।
रैना की टीम ने एक रन या अंतिम गेंद पर मुंबई इंडियंस और दिल्ली डेयरडेविल्स के बाद पुणे सुपरजाइंटस के खिलाफ जीत हासिल की। उसे जो एक हार मिली वो सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली।