कप्तान विराट कोहली ने इस बार आईपीएल में 4 शतक लगाए हैं जिसमें 2 तो गुजरात लायंस के खिलाफ दोनों लीग मैचों में लगाए थे, फिर रैना की टीम ने इन दो शतकों का बदला पहले प्लेऑफ मुकाबले में ले ही लिया।
आईपीएल में लंबे समय तक चले लीग चरण के मुकाबलों के बाद प्लेऑफ मुकाबले शुरू हुए और पहले ही मैच में रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) ने गुजरात लायंस को हराकर फाइनल में जगह बना ली।
आरसीबी की जीत भले ही शानदार रही हो लेकिन कप्तान कोहली के लिए यह मैच अच्छा नहीं रहा और वह खाता खोले बगैर ही आउट हो गए। वो तो भला हो एबी डीविलियर्स का जिन्होंने एक छोर संभाले रखा और फिर सातवें विकेट के लिए इकबाल अब्दुल्ला (33) के साथ अविजित 91 रनों की साझेदारी कर टीम को 4 विकेट से जीत दिला दी।
कोहली का इस मैच में 0 पर आउट होना दुर्भाग्यपूर्ण रहा क्योंकि पिछले 14 मैचों में वह लगातार रन बना रहे थे। 4 शतकों की मदद से 919 रन बना चुके थे और उम्मीद थी कि फाइनल मैच खेलने तक वह अपने स्कोर को एक हजार तक पहुंचा देंगे। लेकिन गुजरात लायंस ने उनके इस सपने पर लगभग पानी फेर दिया।