फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT vs SRH Playing-11: प्लेऑफ में जगह सुरक्षित करने उतरेगा गुजरात, हैदराबाद हारा तो टूर्नामेंट से होगा बाहर

Mon, 15 May 2023 04:31 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

सार

GT vs SRH Playing 11 : गुजरात 12 मैचों में 16 अंक लेकर अब भी अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज है लेकिन उसे किंतु-परंतु की परिस्थितियों से बचने के लिए अगले दोनों मैचों में गलतियों में सुधार करके बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
विज्ञापन
गुजरात टाइटंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमूमन अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने वाली गुजरात टाइटंस की टीम पिछले मैच की नाकामी को भुलाकर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सोमवार को यहां ठोस प्रदर्शन करके इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्लेऑफ में अपनी जगह सुरक्षित करने की कोशिश करेगी। मौजूदा चैंपियन गुजरात टाइटंस के लिए प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए एक और जीत पर्याप्त होगी जबकि सनराइजर्स के 11 मैचों में चार जीत से आठ अंक हैं और वह अगले दौर में जगह बनाने की दौड़ से लगभग बाहर हो चुका है। उसके लिए लड़ाई अब सम्मान की रह गई है।
विज्ञापन


गुजरात को पिछले मैच में मुंबई इंडियंस से हार का सामना करना पड़ा था जिसमें राशिद खान ने बल्ले और गेंद दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन उसके अन्य खिलाड़ी नहीं चल पाए थे। उसके गेंदबाज सूर्यकुमार यादव पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे थे जबकि उसके प्रमुख बल्लेबाज भी नहीं चल पाए थे।

गुजरात 12 मैचों में 16 अंक लेकर अब भी अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज है लेकिन उसे किंतु-परंतु की परिस्थितियों से बचने के लिए अगले दोनों मैचों में गलतियों में सुधार करके बेहतर प्रदर्शन करना होगा। कप्तान हार्दिक पांड्या ने भी टीम की 12 मैचों में चौथी हार के बाद कहा था, हम एक समूह के रूप में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। हमारी गेंदबाजी भी अच्छी नहीं रही। हमारी या तो स्पष्ट रणनीति नहीं थी या फिर हम उस पर अमल नहीं कर पाए।

ऑलराउंडर राशिद खान अहम कड़ी
बल्लेबाजी में शीर्ष क्रम के बल्लेबाज नहीं चल पाए और राशिद खान की तूफानी अर्धशतकीय पारी के बावजूद टीम को इस मैच में हार का सामना करना पड़ा था। इस स्टार स्पिनर ने गेंदबाजी में भी अच्छा प्रदर्शन किया था। अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी उस मैच में नहीं चल पाए थे लेकिन वह नई गेंद से अपना जादू बिखेरने के लिए फिर से तैयार होंगे। मोहित शर्मा को पूर्व के मैचों में बीच के ओवरों में उपयोग किया गया था लेकिन मुंबई के खिलाफ उन्हें नई गेंद सौंपी गई थी। गुजरात टाइटंस का यह दांव हालांकि नहीं चल पाया था।

गुजरात टाइटंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद - फोटो : IPL/BCCI
हैदराबाद को शीर्ष क्रम से मिली है निराशा
दूसरी तरफ सनराइजर्स की टीम अगर-मगर की कठिन डगर में फंसी हुई है तथा उसे अपने बाकी बचे तीनों मैच जीतने के अलावा अन्य टीमों से भी अनुकूल परिणाम के लिए प्रार्थना करनी होगी। सनराइजर्स की टीम अपनी गलतियों से ही ऐसी परिस्थिति में पहुंची है। लखनऊ सुपरजाइंट्स के खिलाफ एक समय वह जीत की स्थिति में थी, लेकिन उसके गेंदबाज अंतिम छह ओवरों में 80 रन का बचाव नहीं कर पाए थे।

लखनऊ की तरफ से निकोलस पूरन ने मैच का पासा पलटने वाली पारी खेली थी। शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की नाकामी और प्रमुख गेंदबाजों के नहीं चल पाने से सनराइजर्स को इस सत्र में बड़ा नुकसान हुआ है। शीर्ष क्रम में मयंक अग्रवाल की जगह अनमोलप्रीत सिंह को रखा गया लेकिन वह भी अभी तक प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं।

राहुल त्रिपाठी की नाकामी भी टीम को भारी पड़ रही है। उन्होंने अब तक 11 मैचों में केवल 199 रन बनाए हैं। कप्तान एडेन मार्करम भी आगे बढ़कर नेतृत्व नहीं कर पाए हैं। उन्होंने 10 मैचों में 207 रन बनाए हैं। टीम तेज गेंदबाज उमरान मलिक का भी सही उपयोग नहीं कर पाई है जिन्होंने अपना अंतिम मैच 29 अप्रैल को खेला था। अब्दुल समद का फॉर्म में वापसी करना हालांकि टीम के लिए सकारात्मक संकेत है।
विज्ञापन

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

गुजरात टाइटंस: ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), शुभमन गिल, विजय शंकर, हार्दिक पांड्या (कप्तान), डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, अभिनव मनोहर, मोहित शर्मा, राशिद खान, मोहम्मद शमी, नूर अहमद।

सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, अनमोलप्रीत सिंह, राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्कराम (कप्तान), हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, अब्दुल समद, टी नटराजन, मयंक मारकंडे, भुवनेश्वर कुमार, फजलहक फारूकी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें