आईपीएल के 10वें मैच में गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 14 रन से हरा दिया है। पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 20 ओवर में छह विकेट पर 171 रन का स्कोर बनाया। शुभमन गिल ने 46 गेंदों पर 84 रन की पारी खेली।
जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 157 रन ही बना सकी। दिल्ली की ओर से कप्तान ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए। गुजरात के लोकी फर्ग्यूसन ने सबसे ज्यादा चार विकेट चटकाए। उन्होंने दो बार एक ही ओवर में दो-दो विकेट चटकाए।
गुजरात की टीम इस सीजन में सिर्फ दूसरी टीम है, जिसने लक्ष्य को सफलतापूर्वक डिफेंड किया है। उनसे पहले राजस्थान रॉयल्स लगातार दो मैचों में टारगेट डिफेंड कर चुके हैं। अब तक 10 मैचों में सिर्फ तीन मैच पहले बैटिंग करने वाली टीम ने जीते हैं। बाकी सात मैचों में टीमों को लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल हुई।
18वें ओवर में मोहम्मद शमी ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट झटके। उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर रोवमन पॉवेल को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद अगली ही गेंद पर खलील अहमद (0) को वेड के हाथों कैच कराया। पॉवेल 12 गेंदों पर 20 रन बना सके। फिलहाल कुलदीप यादव और मुस्तफिजुर रहमान क्रीज पर हैं।
दिल्ली ने 16 ओवर के बाद सात विकेट गंवाकर 134 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोवमन पॉवेल और कुलदीप यादव क्रीज पर हैं। दिल्ली को अब 24 गेंदों पर 38 रन की जरूरत है। 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर राशिद खान ने शार्दुल ठाकुर को पवेलियन भेजा। शार्दुल दो रन बना सके।
15वें ओवर में लोकी फर्ग्यूसन ने दिल्ली को दो झटके दिए। यह इस मैच में दूसरी बार है जब फर्ग्यूसन ने एक ही ओवर में दो विकेट लिए हों। इससे पहले दिल्ली की पारी के पांचवें ओवर में फर्ग्यूसन ने पृथ्वी शॉ और मंदीप सिंह को पवेलियन भेजा था। इसके बाद 15वें ओवर में उन्होंने कप्तान ऋषभ पंत और अक्षर पटेल को आउट किया।
फर्ग्यूसन ने पंत को अभिनव मनोहर के हाथों कैच कराया। वे 29 गेंदों पर 43 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में पंत ने सात चौके लगाए। इसके बाद ओवर की पांचवीं गेंद पर अक्षर को विकेटकीपर वेड के हाथों कैच कराया। फिलहाल रोवमन पॉवेल और शार्दुल ठाकुर क्रीज पर हैं।
12वें ओवर में दिल्ली कैपिटल्स को चौथा झटका लगा। इन-फॉर्म बल्लेबाज ललित यादव 22 गेंदों पर 25 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अभिनव मनोहर और विजय शंकर ने मिलकर रन आउट किया। रन आउट के दौरान भी ड्रामा देखने को मिला। थ्रो मिलने के बाद विजय शंकर का पैर विकेट पर लगा और एक गिल्ली गिर गई। इसके बाद विजय ने बॉल कलेक्ट कर दूसरी गिल्ली भी गिरा दी। नियम के तहत ललित यादव आउट हुए। 12 ओवर के बाद दिल्ली ने चार विकेट गंवाकर 100 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोवमन पॉवेल और ऋषभ पंत 34 रन बनाकर क्रीज पर हैं। ललित और पंत के बीच 41 गेंदों पर 61 रन की साझेदारी हुई। दिल्ली को अब 48 गेंदों पर 72 रन की जरूरत है।
10 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने तीन विकेट गंवाकर 79 रन बना लिए हैं। फिलहाल ललित यादव 18 गेंदों पर 20 रन और कप्तान ऋषभ पंत 14 गेंदों पर 24 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 40 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। दिल्ली को अब भी 60 गेंदों पर 93 रन की जरूरत है।
सात ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने तीन विकेट गंवाकर 54 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान ऋषभ पंत छह गेंदों पर 12 रन और ललित यादव आठ गेंदों पर आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 13 गेंदों पर 20 रन की साझेदारी हो चुकी है। दिल्ली को अब 78 गेंदों पर 118 रन की जरूरत है।
पांचवें ओवर में दिल्ली की टीम को दो झटके लगे। इस ओवर में गुजरात के तूफानी गेंदबाज लोकी फर्ग्यूसन ने दिल्ली को दो झटके दिए। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर पृथ्वी शॉ (10) को विजय शंकर के हाथों कैच कराया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर मंदीप सिंह को विकेटकीपर मैथ्यू वेड के हाथों कैच कराया। मंदीप 16 गेंदों पर 18 रन बना सके। पांच ओवर के बाद दिल्ली ने तीन विकेट गंवाकर 34 रन बना लिए हैं। फिलहाल ललित यादव और कप्तान ऋषभ पंत क्रीज पर हैं।

पांचवें ओवर में 32 के स्कोर पर दिल्ली को दूसरा झटका लगा। लोकी फर्ग्यूसन ने पृथ्वी शॉ को विजय शंकर के हाथों कैच कराया। शॉ सात गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। अब दिल्ली के दोनों ओपनर पवेलियन लौट चुके हैं। हार्दिक पांड्या ने टिम सीफर्ट को आउट कर दिल्ली को पहला झटका दिया था। फिलहाल कप्तान ऋषभ पंत और मंदीप सिंह क्रीज पर हैं।
गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने दिल्ली को पहला झटका दिया है। वे दिल्ली की पारी के दूसरे ओवर में गेंदबाजी के लिए आए। इस ओवर की पहली ही गेंद पर हार्दिक ने टिम सीफर्ट को पवेलियन भेजा। सीफर्ट पांच गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। दो ओवर के बाद दिल्ली ने एक विकेट गंवाकर 10 रन बना लिए हैं। फिलहाल मंदीप सिंह एक रन और पृथ्वी शॉ छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
विकेट लेने के बाद हार्दिक
गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने 172 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की शुरुआत खराब रही। इस सीजन अपना पहला मैच खेल रहे मुस्तफिजुर रहमान ने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर मैथ्यू वेड (1) को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। इसके बाद विजय शंकर भी कुछ खास नहीं कर सके। वे 20 गेंदों पर 13 रन की धीमी पारी खेलकर आउट हुए। शंकर और शुभमन के बीच 35 गेंदों पर 42 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद कप्तान हार्दिक पांड्या ने शुभमन गिल के साथ मिलकर पारी संभाली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 47 गेंदों पर 65 रन की साझेदारी निभाई।
इसके बाद बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद का जादू देखने को मिला। उन्होंने 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान हार्दिक को पवेलियन भेजा। हार्दिक 27 गेंदों पर चार चौके की मदद से 31 रन बना सके। इसके बाद खलील ने 18वें ओवर की पहली गेंद पर शुभमन गिल को आउट किया। लगातार दो गेंदों पर खलील ने दो विकेट लिए। हालांकि, वह हैट्रिक से चूक गए। तेवतिया ने खलील के मंसूबे पर पानी फेर दिया।
शुभमन ने आउट होने से पहले आईपीएल करियर की 11वीं फिफ्टी लगाई। उन्होंने 46 गेंदों पर छह चौके और चार छक्कों की मदद से 84 रन की पारी खेली। राहुल तेवतिया पारी के 20वें ओवर में आठ गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हुए। इसमें एक चौका और एक छक्का शामिल है। उन्हें मुस्तफिजुर रहमान ने शार्दुल के हाथों कैच कराया। इसी ओवर में मुस्तफिजुर ने अभिनव मनोहर (1) को भी पवेलियन भेजा। डेविड मिलर 15 गेंदों पर 20 रन और राशिद खान (0) नाबाद रहे। इस तरह गुजरात ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 171 रन बनाए। दिल्ली की ओर से मुस्तफिजुर रहमान ने तीन विकेट झटके। वहीं, खलील को दो विकेट मिला। कुलदीप ने भी एक विकेट लिया।
18वें ओवर में खलील अहमद ने शुभमन गिल को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। शुभमन 46 गेंदों पर 84 रन की बेहतरीन पारी खेलकर आउट हुए। यह उनके आईपीएल करियर का 11वां अर्धशतक रहा। खलील ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट झटके। इससे पहले उन्होंने 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान हार्दिक पांड्या को आउट किया था। हालांकि, 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर राहुल तेवतिया ने एक रन लिया और खलील की हैट्रिक नहीं होने दी। 18 ओवर के बाद गुजरात ने चार विकेट गंवाकर 155 रन बना लिए हैं। फिलहाल राहुल तेवतिया तीन गेंदों पर पांच रन और डेविड मिलर 11 गेंदों पर 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
16 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने तीन विकेट गंवाकर 136 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 43 गेंदों पर 82 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने अब तक छह चौके और चार छक्के लगाए हैं। उनके साथ डेविड मिलर क्रीज पर हैं। शुभमन के आईपीएल करियर का यह हाईएस्ट स्कोर है।
14वें ओवर में 109 के स्कोर पर गुजरात टाइटंस को तीसरा झटका लगा। कप्तान हार्दिक पांड्या 27 गेंदों पर 31 रन बनाकर आउट हुए। इसमें चार चौके शामिल हैं। उन्हें खलील अहमद ने रोवमन पॉवेल के हाथों कैच कराया। हार्दिक और शुभमन के बीच तीसरे विकेट के लिए 47 गेंदों पर 65 रन की साझेदारी हुई। फिलहाल शुभमन गिल 38 गेंदों पर 67 रन और डेविड मिलर चार रन बनाकर क्रीज पर हैं। यह शुभमन के आईपीएल करियर का 11वां अर्धशतक है।
खलील ने हार्दिक को आउट किया
13वें ओवर में गुजरात टाइटंस के ओपनर शुभमन गिल ने आईपीएल करियर का 11वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 32 गेंदों पर फिफ्टी लगाई। शुभमन ने अब तक हार्दिक पांड्या के साथ तीसरे विकेट के लिए 50 प्लस रन की साझेदारी भी कर ली है। 13 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर दो विकेट पर 98 रन है।
11 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने दो विकेट गंवाकर 75 रन बना लिए हैं। कप्तान हार्दिक पांड्या 20 गेंदों पर 21 रन और शुभमन गिल 25 गेंदों पर 36 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 30 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
गुजरात टाइटंस ने नौ ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 58 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 22 गेंदों पर 33 रन और कप्तान हार्दिक पांड्या 11 गेंदों पर सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। विजय शंकर को कुलदीप यादव ने क्लीन बोल्ड किया।
पावरप्ले समाप्त होते ही दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को गेंद थमाई। इस ओवर की पहली ही गेंद पर कुलदीप ने विजय शंकर को क्लीन बोल्ड किया। विजय शंकर की स्लो पारी समाप्त हुई। वह 20 गेंदों पर 13 रन बना सके। शंकर ने शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों पर 42 रन की साझेदारी निभाई। सात ओवर के बाद गुजरात ने दो विकेट गंवाकर 51 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन 17 गेंदों पर 28 रन और हार्दिक पांड्या चार गेंदों पर पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
पावरप्ले यानी पहले छह ओवर के खत्म होने के बाद गुजरात टाइटंस ने एक विकेट गंवाकर 44 रन बना लिए हैं। फिलहाल विजय शंकर 19 गेंदों पर 13 रन और शुभमन गिल 16 गेंदों पर 26 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
तीन ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने एक विकेट गंवाकर 19 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल सात गेंदों पर 10 रन और विजय शंकर 10 गेंदों पर सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मुस्तफिजुर रहमान ने मैथ्यू वेड (1) को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की टीम को पहले ही ओवर में झटका लगा। इस सीजन का अपना पहला मैच खेल रहे बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने गुजरात को पहला झटका दिया। उन्होंने मैथ्यू वेड को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। फील्ड अंपायर ने पहले वेड को नॉटआउट दिया था। इसके बाद पंत ने रिव्यू लिया और थर्ड अंपायर ने वेड को आउट करार दिया। वे एक रन बना सके। एक ओवर के बाद गुजरात का स्कोर एक विकेट पर सात रन है। फिलहाल विजय शंकर पांच रन और शुभमन गिल एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

दिल्ली कैपिटल्स: पृथ्वी शॉ, टिम सीफर्ट, मनदीप सिंह, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), ललित यादव, रोवमन पॉवेल, शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, खलील अहमद, मुस्तफिजुर रहमान
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), विजय शंकर, हार्दिक पांड्या (कप्तान), डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, अभिनव मनोहर सदरंगानी, राशिद खान, लोकी फर्ग्यूसन, वरुण एरॉन, मोहम्मद शमी
गुजरात टाइटंस के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। पंत ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। तेज गेंदबाज कमलेश नागरकोटी की जगह मुस्तफिजुर रहमान को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं, गुजरात की टीम ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
हार्दिक पांड्या दिल्ली के खिलाफ मैच में अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं करना चाहेंगे। लखनऊ के खिलाफ मैच में उनके गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था। पहले मोहम्मद शमी ने कमाल की गेंदबाजी की फिर मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने टीम को जीत दिलाई। हालांकि, टीम का टॉप ऑर्डर और स्पिन गेंदबाजी अभी भी पूरी तरह से लय में नहीं है। राशिद खान और राहुल तेवतिया के लय पकड़ने पर इस टीम की गेंदबाजी और मजबूत होगी।
चोट से जूझ रही दिल्ली की टीम में तीन नए खिलाड़ी जुड़े हैं। मुस्तफिजुर रहमान, लुंगी एनगिडी और सरफराज खान अपना क्वारैंटीन पूरा कर चुके हैं। इन तीनों खिलाड़ियों के जुड़ने से दिल्ली की टीम और मजबूत हुई है। अब कप्तान ऋषभ पंत के पास ज्यादा विदेशी खिलाड़ी होंगे और उनकी टीम को भी मजबूती मिलेगी।
गुजरात के लिए राहुल तेवतिया और डेविड मिलर ने लखनऊ के खिलाफ अहम पारियां खेली थीं। वहीं दिल्ली के लिए अक्षर पटेल और ललित यादव ने कमाल किया था। इन दोनों ने मुंबई से जीत छीन ली थी। अब दोनों टीमें लगातार दूसरा मैच जीतकर अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेंगी। पंत की अगुवाई में दिल्ली का रिकॉर्ड शानदार रहा है। यह टीम पिछले सीजन अंकतालिका में पहले स्थान पर रही थी। वहीं गुजरात की टीम पहली बार आईपीएल का हिस्सा बनी है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज गुजरात टाइटंस का मैच दिल्ली कैपिटल्स से है। दोनों टीमें अपना पिछला मैच जीत कर आ रही हैं। गुजरात ने पिछले मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स को हराया था, वहीं, दिल्ली ने पिछले मैच में मुंबई इंडियंस को शिकस्त दी थी। आज दोनों टीमें सीजन की लगातार दूसरी जीत हासिल करने उतरेंगी।