बांग्लादेश को क्रिकेट जगत में 'मेमना' माना जाता है लेकिन उसके एक क्रिकेटर ने ऐसा दुर्लभ रिकॉर्ड बनाया है जो डेढ़ सौ साल के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ है।
यूं तो मेजबान बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच चटगांव में खेला गया दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मैच बिना किसी परिणाम के ड्रॉ पर समाप्त हो गया है।
पर इस मैच में बांग्लादेश के 22 वर्षीय स्पिनर सोहाग गाजी ने अनोखा 'डबल' बनाया है। वह ऐसे पहले टेस्ट क्रिकेटर हैं जिन्होंने एक ही मैच में शतक और हैट्रिक जमाने का कारनामा किया है। गाजी ने पहली पारी में नाबाद शतक और फिर हैट्रिक लगाया।
‘मैन ऑफ द मैच’ गाजी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बांग्लादेश की पहली पारी में नाबाद 101 रन की शतकीय पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने गेंद से कमाल दिखाया और न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में छह विकेट चटकाए।
उन्होंने कोरे एंडरसन, जॉन वॉटलिंग और डग ब्रेसवेल को लगातार तीन गेंदों पर आउट कर हैट्रिक लगाई।
हैट्रिक लेने वाले दूसरे बांगला क्रिकेटर
आलोक कपाली के बाद टेस्ट मैच में हैट्रिक लेने वाले गाजी बांग्लादेश के दूसरे गेंदबाज हैं। कपाली ने पाकिस्तान के खिलाफ 2003 को पेशावर में यह उपलब्धि हासिल की थी।
बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरी बार कोई टेस्ट मैच ड्रॉ खेला है। इससे पहले खेले गए नौ टेस्ट मैचों में बांग्लादेश को आठ में हार का स्वाद चखना पड़ा था।
जीत से रह गया बांग्लादेश
पहली पारी में 469 रन बनाने वाली न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी सात विकेट पर 287 रन बनाकर घोषित कर दी और बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 256 रन का लक्ष्य रखा। बांग्लादेश ने पहली पारी में 501 रन बनाया था।
जवाब में बांग्लादेश ने खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 173 रन बनाए। खेल खत्म होने तक साकिब अल हसन 50 और युवा बल्लेबाज मोमिनुल हक 22 रन बनाकर विकेट पर टिके थे।
सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच ढाका में 21 अक्टूबर से खेला जाएगा।