लगातार खराब फार्म के कारण टेस्ट टीम से बाहर कर दिए गए भारतीय ओपनर गौतम गंभीर ने अपने पहले ही मौके पर अपने आप को साबित कर दिया। शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच में गंभीर ने जोरदार शतक (112) लगाया है। गंभीर के साथ ही रोहित शर्मा ने भी इस मैच अर्धशतक बनाया। रोहित अभी 51 रन बनाकर बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इन दोनों खिलाड़ियों को खुद को साबित करने का दबाव था। भारत ए ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट के नुकसान पर 338 रन बना लिए थे।
गौरतलब हो कि शिखर धवन के भारतीय टीम में शामिल होने के कारण गंभीर को भारतीय ‘ए’ टीम की कप्तानी सौंपी गई है। ऑस्ट्रेलिया के पास 22 फरवरी से शुरू हो रहे पहले टेस्ट से पूर्व अभ्यास का यह आखिरी मौका होगा इसलिए वह इस मैच में पूरी ताकत के साथ उतरी है।
इस मैच में आस्ट्रेलिया की कप्तानी उसके नियमित कप्तान माइकल क्लार्क कर रहे हैं। यह मैच एक बार फिर गुरु नानक कालेज मैदान में ही खेला जा रहा है जहां पहला अभ्यास मैच खेला गया था।
सीरीज में स्पिनरों की भूमिका होगी अहम
आस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने कहा कि इस सीरीज में स्पिनरों की भूमिका अहम होगी। भारत ‘ए’ के खिलाफ अभ्यास मैच से पहले क्लार्क ने कहा, ‘मुझे लगता है कि टेस्ट सीरीज में स्पिन गेंदबाजी अहम भूमिका निभाएगी। इसलिए हमने अपनी टीम में चार स्पिनरों को शामिल किया है।’