श्रीलंका के पूर्व कप्तान हसन तिलकरत्ने को देश की महिला क्रिकेट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल छह महीने का होगा। विश्व कप 1996 विजेता टीम के सदस्य रहे तिलकरत्ने इससे पहले कई पदों पर रह चुके हैं। उनका करार 31 दिसंबर को खत्म होगा लेकिन समझा जाता है कि उन्हें श्रीलंका क्रिकेट से नया करार मिलेगा चूंकि फरवरी मार्च में न्यूजीलैंड में महिला विश्व कप होना है।
श्रीलंका क्रिकेट ने अपनी वेबसाइट पर कहा, 'श्रीलंका क्रिकेट यह घोषणा करता है कि हसन तिलकरत्ने राष्ट्रीय महिला टीम के मुख्य कोच होंगे। यह नियुक्ति एक जून 2021 से प्रभावी होगी।' बता दें कि तिलकरत्ने ने अपने 15 साल के करियर के दौरान 83 टेस्ट और 200 वन-डे खेले हैं। टेस्ट में उन्होंने 11 शतकों के साथ 4545 रन बनाए हैं, जबकि वन-डे में उनके नाम 3789 रन दर्ज हैं।