दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी जोंटी रोड्स ने भारत के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को आधुनिक क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ फील्डर बताया है। जून में खेले गए टी20 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत के बाद जडेजा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास लेने की घोषणा की थी। जडेजा ने हालांकि कहा था कि वह वनडे और टेस्ट प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे। जडेजा को श्रीलंका के खिलाफ खेली गई सीमित ओवरों की सीरीज के लिए आराम दिया गया था।
जोंटी रोड्स ने कहा, दो खिलाड़ी ऐसे हैं जिनकी फील्डर के तौर पर मैं प्रशंसा करता हूं, वो हैं सुरेश रैना और जडेजा। यह दोनों भारत के सर्वश्रेष्ठ फील्डर हैं, लेकिन जब मैं आधुनिक क्रिकेट की बात करता हूं तो यकीनन जडेजा ही सर्वश्रेष्ठ फील्डर हैं जिन्हें आप प्यार से सर जडेजा कहते हैं। मैं उन्हें इसलिए सर्वश्रेष्ठ बता रहा हूं क्योंकि वह किसी भी स्थान पर फील्डिंग कर सकते हैं। आप उन्हें मिड विकेट, लॉन्ग ऑन या शॉर्ट कवर कहीं पर भी खड़ा कर सकते हैं। वह इतने तेज हैं कि उनके पास गेंद जाने पर बल्लेबाज भी डर जाता है। कैच या थ्रो करने से ज्यादा मायने रखता है कि आप कितनी जल्दी गेंद तक पहुंच रहे हैं। इस जगह जडेजा सर्वश्रेष्ठ हैं।
दलीप ट्रॉफी के लिए शामिल नहीं किए गए जडेजा
दलीप ट्रॉफी के शुरुआती दौर में जडेजा, मोहम्मद सिराज और उमरान मलिक को शामिल नहीं किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने जडेजा को टीम-बी से रिलीज कर दिया था। भारत को सितंबर में बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है और उम्मीद की जा रही है कि जडेजा इस सीरीज से वापसी कर सकते हैं। भारत और बांग्लादेश के बीच 19 सितंबर से चेन्नई में पहला टेस्ट खेला जाएगा, जबकि दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट मैच 27 सितंबर से कानपुर में होगा।