संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में खेले जा रहे टी-20 विश्व कप से भारत के जल्दी बाहर होने के बाद टीम इंडिया में कई बदलाव हुए हैं। रोहित शर्मा को विराट कोहली की जगह टी-20 इंटरनेशनल कप्तान बनाया गया है। वहीं, भारतीय टीम के निवर्तमान हेड कोच रवि शास्त्री की जगह राहुल द्रविड़ लेंगे। द वॉल के नाम से मशहूर रहे द्रविड़ न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज के दौरान मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। जबकि, रोहित शर्मा भी इस सीरीज के साथ ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत की कप्तान की भूमिका निभाएंगे। राहुल और रोहित की जुगलबंदी के साथ भारतीय क्रिकेट में एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है।
टीम इंडिया में सब कुछ ठीक नहीं
पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर मुश्ताक अहमद का दावा है कि मौजूदा भारतीय टीम में सब कुछ ठीक नहीं है, कुछ ऐसे मुद्दे हैं जिनके चलते विराट कोहली को टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की कप्तानी से इस्तीफा देना पड़ा। 33 वर्षीय विराट कोहली ने टी-20 विश्व कप से पहले घोषणा की थी कि वह इसके बाद टी-20 इंटरनेशनल से कप्तानी छोड़ देंगे। लेकिन मुश्ताक अहमद को लगता है कि विराट के इस निर्णय के पीछे वजह कुछ और है।
पीसीबी के हाई परफॉर्मेंस सेंटर के साथ काम कर रहे मुश्ताक अहमद ने जिओ न्यूज से बात करते हुए कहा, जब एक सफल कप्तान यह कहता है कि मैं कप्तानी छोड़ना चाहता हूं, इसका मतलब ड्रेसिंग रूम में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है, मैं अभी ड्रेसिंग रूम में दो ग्रुप देखता हूं, जो दिल्ली और मुंबई हैं।
जल्द टी-20 इंटरनेशनल से रिटायर होंगे विराट
पाकिस्तान के लिए 52 टेस्ट और 144 एकदिवसीय मैच खेल चुके मु्श्ताक अहमद ने बड़ा बयान देते हुए कहा, विराट कोहली लंबे समय तक टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना जारी नहीं रख सकते। पूर्व लेग स्पिनर का मानना है कि कोहली का टी20 से कप्तान का पद छोड़ना इस बात का संकेत है कि सबसे छोटे प्रारूप से उनका संन्यास बहुत दूर नहीं है। मु्श्ताक ने आगे हैं मुझे लगता है कि विराट जल्द ही टी-20 इंटरनेशनल से संन्यास लेंगे, हालांकि वह इंडियन प्रीमियर लीग में खेलन जारी रखेंगे।
खराब प्रदर्शन के लिए आईपीएल जिम्मेदार
टी-20 विश्व कप में भारत के निराशाजनक प्रदर्शन पर बात करते हुए मु्श्ताक अहमद ने कहा कि भारत के खराब प्रदर्शन के लिए आईपीएल जिम्मेदार है। जिसके चलते भारत आठ साल और आठ आईसीसी टूर्नामेंट में पहली बार सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाया, थकान को एक महत्वपूर्ण कारण बताते हुए, मुश्ताक ने कहा, कठोर जैव-बबल जीवन टी-20 विश्व कप में भारत के खराब प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार है, मुझे लगता है कि भारत आईपीएल की वजह से वर्ल्ड कप में फ्लॉप रहा, विश्व कप से पहले जैव-सुरक्षित वातावरण में इतने लंबे समय तक रहने के बाद उनके खिलाड़ी थके हुए थे।