शाह ने अक्टूबर 2019 में बीसीसीआई का पद संभाला था। वह पांच साल तक इस पद पर रहे जिसे अब उन्हें छोड़ना पड़ेगा। वह एक दिसंबर को आईसीसी में अपना पद संभालेंगे। 35 वर्षीय जय शाह सबसे युवा आईसीसी अध्यक्ष होंगे। शाह आईसीसी के प्रमुख बनने वाले पांचवें भारतीय होंगे। तेंदुलकर को उम्मीद है कि वह इस विरासत को आगे ले जाने में सफल रहेंगे।
तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, उत्साही होना और क्रिकेट के लिए कुछ अच्छा करने की भावना रखना एक क्रिकेट प्रशासक के लिए आवश्यक गुण हैं। जय शाह ने बीसीसीआई सचिव के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान इन गुणों का अच्छी तरह से उपयोग किया। महिला क्रिकेट और पुरुष क्रिकेट दोनों को प्राथमिकता देने की दिशा में उनके प्रयासों ने बीसीसीआई को अग्रणी बना दिया है जिसका अन्य बोर्ड भी अनुसरण कर सकते हैं। मैं उन्हें अपनी अगली पारी के लिए शुभकामनाएं देता हूं। वह सबसे कम उम्र में आईसीसी के अध्यक्ष बने हैं।
तेंदुलकर ने कहा, भारत के कई खेल प्रशासकों ने इससे पहले भी आईसीसी का नेतृत्व किया है। इनमें जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन श्रीनिवासन और शशांक मनोहर शामिल हैं। मुझे यकीन है कि वह उनकी विरासत को आगे बढ़ाएंगे और क्रिकेट के खेल को आगे ले जाने में सफल रहेंगे।