इस साल जून में अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप को लेकर भारतीय टीम को घोषणा आने वाले कुछ ही दिनों में होने वाली है। इस बीच, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा कि भारत को इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए टीम में दो कलाई के स्पिनरों को चुनना चाहिए। भारतीय टीम को घोषणा एक मई को होनी है और उससे पहले ही टीम चयन को लेकर चर्चाएं शुरू हो चुकी है।
'भारत को पांच गेंदबाजों की जरूरत'
इरफान ने एक स्पोर्ट्स चैनल से बात करते हुए कहा, भारतीय टीम को पांच अच्छे गेंदबाजों की जरूरत है। आपके विकेटकीपिंग विकल्प क्या है? जब आप रवींद्र जडेजा के आठवें नंबर और बतौर स्पिन ऑलराउंडर खेलने की बात कर रहे हो तो मैं कहूंगा कि दो कलाई के स्पिनरों को खिलाया जाए। मैं दो कलाई के स्पिनरों को खेलते हुए देखना चाहूंगा जो मेरी प्लेइंग-11 में रवि बिश्नोई और कुलदीप यादव होंगे। अगर आप बिश्नोई के आंकड़े को देखें तो जब वह खेलता था तो काफी अच्छा था।
चहल को टीम में लेने के पक्ष में नहीं हैं इरफान
इरफान पठान टी20 विश्व कप के लिए युजवेंद्र चहल को टीम में लेने के पक्ष में नहीं हैं। चहल हाल ही में आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले एकमात्र गेंदबाज बने थे। इरफान ने कहा, हम इस समय आईपीएल के प्रदर्शन के कारण चहल के बारे में बात कर रहे हैं, लेकिन क्षेत्ररक्षण हिस्से को मत भूलिए। अगर आपको फील्डिंग में संतुलन बनाना है तो आपको यह देखना होगा कि एक गेंदबाज एक विशेष जगह पर कहां गेंदबाजी कर सकता है।
उन्होंने कहा, केवल एक ही ऐसा खिलाड़ी है जिसके चयन के बारे में आप निश्चित हो सकते हो और वो हैं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, लेकिन बुमराह के अलावा आपको कम से कम दो तेज गेंदबाज चाहिए जो नियमित रूप से प्लेइंग-11 का हिस्सा रहें। भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी समस्या तेज गेंदबाजी संयोजन है। सही संयोजन तय करना बहुत ही महत्वपूर्ण है इसलिए आपको अनुभव को प्राथमिकता देनी होगी। बुमराह के साथ मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह को देख सकते हैं जो मुझे आदर्श नहीं लगता। हालांकि हमारे पास सिर्फ यही विकल्प है।