भारतीय टीम ने आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका नहीं दिया। भारत ने इस मैच के लिए वैभव को प्लेइंग-11 में शामिल नहीं किया। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन इस फैसले से हैरान नजर आए और उन्होंने सोशल मीडिया पर हैरानी जताई। हालांकि, भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने वैभव को नहीं उतारने का फैसले का कारण बताया था।
वैभव को मौका नहीं देने पर क्या बोले थे श्रेयस?
श्रीलंका ए के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में इंडिया ए के लिए एक शानदार मैच जिताऊ पारी खेलने के कुछ ही दिनों बाद सूर्यवंशी के संभावित डेब्यू को लेकर काफी उम्मीदें जताई जा रही थीं। हालांकि, भारत के नए टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने साफ कर दिया है कि इस 15 वर्षीय खिलाड़ी को अपने मौके के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा। मैच से पहले जब श्रेयस अय्यर से वैभव सूर्यवंशी के खेलने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, दुर्भाग्य से नहीं। वह एक शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन जाहिर है कि हमारी टीम में ऐसे खिलाड़ी हैं जिनके पास बहुत अनुभव है और जिन्होंने हाल की कुछ सीरीज में भारत के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसलिए हम उन ज्यादातर खिलाड़ियों पर भरोसा कर रहे हैं जिन्होंने पूरे सीजन में जबरदस्त खेल दिखाया है। भारत को अभी कई मैच खेलने हैं। जब समय आएगा, तब वैभव को मौका दिया जाएगा। फिलहाल हम इस मैच में तीन तेज गेंदबाज और एक ऑलराउंडर के साथ उतर रहे हैं।
भारतीय टीम प्रबंधन के इस फैसले ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन को हैरान कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी निराशा जाहिर करते हुए लिखा, विश्वास नहीं हो रहा कि भारत ने वैभव सूर्यवंशी को टीम में नहीं चुना गया जो इस समय दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी20 खिलाड़ी हैं।
आयरलैंड की पारी
भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारतीय तेज गेंदबाजों ने शुरुआत में सधी हुई गेंदबाजी की, लेकिन पहले मुकाबले में आयरलैंड ने नौ विकेट पर 182 रन का स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से हर्षित राणा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा महंगे साबित हुए। उन्होंने बिना कोई विकेट लिए 57 रन दिए। भारत के लिए अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि शिवम दुबे को एक सफलता मिली। आयरलैंड के कप्तान लोर्कान टकर ने 36 गेंदों में 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन उन्हें गेराथ डेलानी (32 गेंद में में 49 रन) के अलावा किसी अन्य बल्लेबाज का अच्छा साथ नहीं मिला।