भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल एशिया कप से टी20 प्रारूप में वापसी के लिए तैयार हैं। गिल को इस बहु-राष्ट्रीय टूर्नामेंट के लिए टीम में चुना गया है और वह उपकप्तानी भी करेंगे। गिल की वापसी को लेकर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान का कहना है कि वह आक्रामक बल्लेबाजी से खुद को साबित करने की कोशिश करेंगे।
गिल ने इंग्लैंड दौरे पर किया था शानदार प्रदर्शन
गिल ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। इरफान का कहना है कि गिल के उपकप्तान रहने से सूर्यकुमार यादव पर दबाव कम पड़ेगा। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ मुकाबले से करेगी। भारत एशिया कप का गत चैंपियन है और उसके सामने खिताब बरकरार रखने की चुनौती होगी।
इरफान ने कहा, सूर्यकुमार की सहमति के बिना शुभमन गिल को उपकप्तान नहीं चुना गया होगा।सूर्यकुमार की जिम्मेदारी सिर्फ अपना प्रदर्शन करना या टीम को संभालना नहीं है। युवा खिलाड़ी में नेतृत्व कौशल विकसित करना और टीम को भविष्य के लिए तैयार करना भी है। लोगों को शायद ऐसा लग रहा होगा कि इससे सूर्यकुमार पर दबाव पड़ेगा लेकिन वह जो कर रहे हैं वह वास्तव में भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए बहुत अच्छा है। यह सूर्यकुमार यादव को ऐसे कप्तान के तौर पर स्थापित करेगा जिनका क्रिकेट जगत में काफी सम्मान है।
इरफान ने कहा कि गिल अपने चयन और उपकप्तान के तौर पर नियुक्ति को सही साबित करना चाहेंगे। उन्होंने कहा, हमने इस सत्र में देखा है, वह शानदार लय में हैं। उन्होंने पिछले कुछ आईपीएल में काफी रन भी बनाए हैं। उनके पास आक्रामक बल्लेबाजी करने की क्षमता है। मुझे नहीं लगता कि गिल के लिए आक्रामक भूमिका निभाने और टीम की जरूरत को पूरा करने में कोई समस्या होगी।
इरफान की नजर में वरुण होंगे एक्स फैक्टर
इरफान ने कहा कि 2021 टी20 अंतरराष्ट्रीय विश्व कप के दौरान यूएई में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाले वरुण चक्रवर्ती एशिया कप में भारत के लिए एक्स-फैक्टर होंगे। उन्होंने कहा, आप हमेशा सोचते हैं कि ऑलराउंडर एक्स फैक्टर होते है लेकिन मैं वास्तव में यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि वरुण चक्रवर्ती कैसा प्रदर्शन करते हैं क्योंकि आपको पता होना चाहिए कि यह एक वापसी की प्रेरणादायक कहानी हो सकती है। चक्रवर्ती 2021 में दुबई में हुए टी20 विश्व कप की भारतीय टीम का हिस्सा थे। मुझे नहीं लगता कि उन्होंने उस समय इतना अच्छा प्रदर्शन किया था। मेरी नजरें उन पर पर होंगी क्योंकि उनमें बहुत आत्मविश्वास है और वह निश्चित रूप से एक्स-फैक्टर साबित हो सकते हैं।