आईपीएल 2022 में कोलकाता और दिल्ली के मैच में जमकर ड्रामा देखने को मिला। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। कोलकाता के सामने 216 रन का लक्ष्य था। इसका पीछा करने उतरी कोलकाता के लिए रहाणे और वेंकटेश अय्यर ने पारी की शुरुआत की। कोलकाता की पारी में पहली तीन गेंदों में जमकर ड्रामा हुआ।
पहले अंपायर ने रहाणे को पहली गेंद पर कैच आउट दिया, लेकिन गेंद उनके पैड से लगकर गई थी। रहाणे ने रिव्यू लिया और अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा। दूसरी गेंद पर अंपायर ने उन्हें एलबीडब्लू आउट करार दिया। इस बार गेंद उनके बल्ले से लगकर गई थी। रहाणे ने फिर रिव्यू लिया और अंपायर को फैसला बदलना पड़ा।
तीसरी गेंद पर मिला जीवनदान
ओवर की तीसरी गेंद पर रहाणे के बल्ले का बाहरी किनारा लगा था, लेकिन दिल्ली के खिलाड़ियों ने अपील ही नहीं की और रहाणे खेलते रहे। अंत में वो पांचवें ओवर पर आउट हुए। उन्होंने इस पारी में 14 गेंद में आठ रन बनाए। खलील की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में रहाणे शार्दुल ठाकुर को कैच थमा बैठे। जब रहाणे आउट हुए तब कोलकाता का स्कोर 38 रन था। वहीं जब उन्हें जीवनदान मिला था, तब टीम का खाता तक नहीं खुला था।