पाकिस्तान की प्लेइंग 11 में शादाब खान शामिल थे। उन्होंने पहली पारी में बल्लेबाजी भी की, लेकिन दूसरी पारी में उनकी जगह उसामा मिर गेंदबाजी करते नजर आए। उसामा को गेंदबाजी करते देख सभी फैंस हैरान रह गए। यहां हम इसकी वजह बता रहे हैं।
पाकिस्तान के उसामा मिर वनडे विश्व कप के इतिहास में पहले कंकशन सब्सटीट्यूट बने हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के मैच में शादाब खान की जगह गेंदबाजी की। इस मैच में शादाब खान पाकिस्तान की शुरुआती प्लेइंग 11 में शामिल थे। वह बल्लेबाजी के लिए भी आए और 36 गेंद में 43 रन की बेहतरीन पारी खेली। हालांकि, दूसरी पारी में वह पहले ही ओवर में चोटिल गए। ऐसे में उसामा मिर कंकशन सब्सटीट्यूट के रूप में शादाब की जगह टीम से जुड़े और गेंदबाजी की।
विज्ञापन
चेन्नई के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में शादाब पाकिस्तान की टीम का हिस्सा थे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पाकिस्तान के महत्वपूर्ण मैच में वह सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए। तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से उन्होंने 36 गेंद में 43 रन बनाए और अपनी टीम को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचने में अहम योगदान दिया। हालांकि, दूसरी पारी शुरू होने के बाद पहले ओवर में ही रन आउट करने की कोशिश में वह चोटिल हो गए।
शादाब ने डाइव लगाते हुए गेंद पकड़ी और थ्रो भी कर दिया। गेंद स्टंप पर लगी, लेकिन तब तक बल्लेबाज बावुमा क्रीज के अंदर पहुंच चुके थे। हालांकि, डाइव लगाने के बाद शादाब जब नीचे गिरे तो उनके कंधे और सिर पर चोट लगी। थोड़ी देर के लिए वह मैदान में वापस आए, लेकिन अंत में मेडिकल टीम ने उन्हें वापस बुला लिया और उनकी जगह उसामा मिर टीम में शामिल हुए। ओसामा ने खतरनाक क्लासेन का विकेट भी लिया। यह विश्व कप के इतिहास में पहला मौका था, जब कोई खिलाड़ी कंकशन सब्सटीट्यूट के रूप में किसी टीम में शामिल हुआ।
विज्ञापन
पाकिस्तान मीडिया के बयान में कहा गया "पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में शादाब खान के स्थान पर कंकशन विकल्प लिया है। उसामा मिर शादाब की जगह लेंगे। शादाब को फील्डिंग करते समय सिर पर चोट लगी थी। वह कुछ देर के लिए मैदान में उतरे, लेकिन गहन मूल्यांकन के बाद, पाकिस्तान टीम के मेडिकल पैनल ने उन्हें मैदान से बाहर रखना उचित समझा। ऐसे में मैच रेफरी से कंकशन सबस्टीट्यूट की इजाजत मांगी गई और रेफरी ने मंजूरी दे दी।"