क्रिकेट में बड़े बदलाव के लिए तैयार हो जाइए, इसी साल के आखिर में में ऑस्ट्रेलिया पहला डे-नाइट टेस्ट मैच होस्ट करने जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच गुलाबी गेंद के साथ कृत्रिम रोशनी में पहला दिन-रात्रि टेस्ट नवंबर में एडिलेड ओवल में होगा।
एक रिपोर्ट के अनुसार 27 नवंबर से ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की सीरीज का अंतिम टेस्ट इस लिहाज से ऐतिहासिक हो सकता है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सोमवार को गर्मियों में होने वाले छह टेस्ट मैचों का कार्यक्रम घोषित किया है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी जेम्स सदरलैंड ने कहा कि डे-नाइट टेस्ट को मैदान और टीवी पर ज्यादा दर्शक देख सकेंगे। उन्होंने कहा कि टेस्ट क्रिकेट के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि ज्यादातर टेस्ट मैच तब खेले जाते हैं जब लोग कार्यालयों और बच्चे स्कूल में व्यस्त होते हैं।
डे-नाइट टेस्ट से लोग कुछ घंटे के खेल का लुत्फ उठा सकते हैं। अभी दिन-रात्रि टेस्ट में खेल के शुरू होने का समय तय नहीं हुआ है, एक अनुमान के मुताबिक एडिलेड के समय के मुताबिक यह दोपहर 2.30 बजे से प्रारंभ होकर रात्रि 9.30 बजे तक चल सकता है। परंपरागत लंच ब्रेक की जगह दूसरे और तीसरे सत्र के बीच में डिनर ब्रेक हो सकता है। इसी तरह चायकाल पहले सत्र के बाद किया जा सकता है।