रोहित शर्मा का आज वह सपना पूरा हो गया जो उन्होंने क्रिकेट का ककहरा सीखते समय संजोया था।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को खत्म हुई सात मैचों की वनडे सीरीज में रोहित शर्मा ने जबर्दस्त बल्लेबाजी और वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक जमाने वाले तीसरे क्रिकेटर बने हैं। साथ ही उन्होंने मैन ऑफ द सीरीज का खिताब भी जीता था।
मुंबई के इस बल्लेबाज के जोरदार फॉर्म को देखते हुए कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ आज से ईडन गार्डंस में शुरू हुए टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया के एकादश में शामिल कर लिया।
रोहित शर्मा को टेस्ट कैप पहनने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा है। उनका इंतजार इतना लंबा था कि वह विश्व रिकॉर्ड ही बन गया। उन्हें 108 वनडे मैच खेलने के बाद टेस्ट टीम में शामिल किया गया।
यह अपने आप में रिकॉर्ड है कि 108 वनडे मैच खेलने के बाद किसी क्रिकेटर को टेस्ट मैच खेलने का मौका मिला। भारत को वेस्ट इंडीज के साथ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलना है।
उन्होंने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच 23 जून 2007 को बेलफॉस्ट में ऑयरलैंड के खिलाफ खेला था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आने के बाद छह साल से भी ज्यादा का इंतजार करना पड़ा।
सबसे बड़ी बात यह है कि वह उस टेस्ट सीरीज का हिस्सा बन रहे हैं जो मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के करियर का अंतिम सीरीज है।