फुटबॉल के इतिहास में भारत पहली बार फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप फुटबॉल की मेजबानी कर रहा है। 6 अक्टूबर से चल रहे फीफा अंडर-17 फुटबॉल वर्ल्ड कप का मुकाबला अब फाइनल तक पहुंच गया है। 23 दिनों के इस टूर्नामेंट में कुल 52 मैचों में से अब तक 51 मुकाबले खेले जा चुके हैं।
टूर्नामेंट में शामिल 24 टीमों में बेहद कड़े और रोमांचक मुकाबले के लगभग तीन सप्ताह बाद केवल इंग्लैंड और स्पेन ही खिताबी दौड़ में बची हुई है। कोलकाता के सॉल्टलेक स्टेडियम में आज दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
पढ़ेंः- FIFA U-17 WC: ब्रूस्टर की हैट्रिक, ब्राजील को मात देकर पहली बार फाइनल में इंग्लैंड
रियान ब्रूस्टर की लगातार दूसरी हैट्रिक की बदौलत इंग्लैंड ने तीन बार खिताब जीत चुकी ब्राजील को 3-1 से हराकर पहली बार फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई है। ब्रूस्टर ने 10वें, 39वें और 77वें मिनट में गोल किए। वहीं, स्पेन ने सेमीफाइनल में माली को 3-1 से हराया।
ब्रूस्टर के टूर्नामेंट में अब सात गोल हो चुके हैं। ब्राजील की तरफ से एकमात्र गोल वेस्ली ने 21वें मिनट में किया। वहीं, स्पेन की तरफ से अबेल रुईज ने 19वें और 43वें मिनट में तथा फेरेन टोरेस 71वें मिनट में गोल किया।
फीफा अंडर-17
- फोटो : indian express
गौरतलब है कि इंग्लैंड चौथी बार इस टूर्नामेंट में खेल रहा है, लेकिन वह पहली बार फाइनल में पहुंचा है। जबकि स्पेन इससे पहले 1991, 2003 और 2007 में उप विजेता रहा चुका है। यह पहला मौका है जब यूरोप की दो टीमें फाइनल में एक दूसरे से भिड़ेंगी।
बता दें कि 17 साल से कम उम्र के खिलाड़ियों के इस वर्ल्ड कप का आयोजन 6 से चल रहा है। और आज फाइनल मुकाबला है। 23 दिनों तक चलने वाले इस वर्ल्ड कप का मुकाबला भारत के छह शहरों में हुआ। इस वर्ल्ड कप में 6 कन्फेडरेशन देशों (एशिया, यूरोप, अफ्रीका, ओसानिया, साउथ अमेरिका और कैरिबियन देश) की कुल 24 टीमों ने हिस्सा लिया।
इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली 24 टीमों को 06 ग्रुप में बांटा गया। फिलहाल 24 टीमों में से केवल दो टीमें बची हैं जिसका मुकाबला आज कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में शाम 8 बजे से खेला जाएगा।