भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व सचिव संजय जगदाले ने राजस्थान रॉयल्स के सह-मालिक राज कुंद्रा सट्टेबाजी में शामिल होने के कबूलनामे पर हैरानी जताई है।
वहीं जगदाले के इस्तीफा देने के बाद कई दिनों से खाली बोर्ड सचिव के पद पर संजय पटेल का नियुक्ति की गई है।
बीसीसीआई के अंतरिम अध्यक्ष जगमोहन डालमिया ने कहा कि बोर्ड के कोषाध्यक्ष के बारे में एक-दो दिन में फैसला ले लिया जाएगा।
जगदाले के अलावा कोषाध्यक्ष अजय शिर्के ने बोर्ड अध्यक्ष एन श्रीनिवासन का इस्तीफा मांगते हुए अपने-अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
जगदाले ने कहा कि कुंद्रा के इस कबूलनामे से क्रिकेट प्रशंसकों का भरोसा एक बार फिर हिला है।
उन्होंने कहा, ‘यदि आप एक टीम के मालिक रहे हैं तो नैतिक रूप से यह गलत हैं। इस तरह की चीजें क्रिकेट और आईपीएल के लिए अच्छी नहीं हैं। यह प्रशंसकों के विश्वास को नुकसान पहुंचाने का एक और उदाहरण है। यह वास्तव में चौंकाने वाला है।’
जगदाले से जब पूछा गया कि यदि कुंद्रा के खिलाफ सट्टेबाजी साबित हो जाती है तो क्या राजस्थान रॉयल्स की टीम को सस्पेंड होना चाहिए।
इस पर जगदाले ने कहा, ‘मैं कोई टिप्पणी नहीं कर सकता। राजस्थान के भविष्य पर फैसला संचालन परिषद और कार्यकारिणी समिति को लेना है।’
इस बीच, जगदाले ने कहा कि बीसीसीआई को इस प्रकरणों से सीख लेते हुए तेजी से सिस्टम को साफ करने की ओर कदम उठाने चाहिए।
बीसीसीआई के पूर्व सचिव जयवंत लेले ने कहा, ‘भारत में सट्टेबाजी वैध नहीं है और यहां यह एक अपराध है। राज कुंद्रा राजस्थान रॉयल्स को चलाते हैं और उनके पास काफी पैसा है तो फिर उन्हें सट्टेबाजी में लिप्त होने की जरूरत क्यों पड़ी। यह राज कुंद्रा की मूर्खता है और मुझे उन पर दया आती है।’
फिक्सिंग के खिलाफ कानून ला रहा श्रीलंका
आईपीएल और बांग्लादेश प्रीमियर लीग में स्पॉट फिक्सिंग प्रकरणों के बाद श्रीलंका सरकार खेल में अनुचित व्यवहार के खिलाफ एक कड़ा भ्रष्टाचार विरोधी कानून लाने पर विचार कर रही है।
श्रीलंका के खेल मंत्री महिंदानंदा अलुथागामागे ने कहा, ‘हम फिक्सिंग के खिलाफ एक कानून लाने जा रहे हैं और उसके ड्राफ्ट पर काम कर रहे हैं। यदि कोई दोषी पाया गया तो इस कानून में आजीवन प्रतिबंध जैसे कड़े प्रावधान भी होंगे। हम इस ड्राफ्ट को कैबिनेट में भजेंगे और वहां से अनुमति मिलने के बाद यह पार्लियामेंट में पारित होगा। यह सभी प्रक्रियाएं छह महीने में पूरी हो जाएंगी।’
ट्वीट के जरिए मीडिया पर बरसे कुंद्रा
‘हां, मुंबई में काफी गर्मी है। मीडिया ने अविश्वसनीय सूत्रों के जरिए सब कुछ गलत पेश किया है। क्राइम ब्रांच के मुख्य लोगों से बात करने की कोशिश करें। आखिर क्यों मीडिया ने चीजों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया और खबर बेचने के लिए इस तरह के मूर्खतापूर्ण दावे करता है।’
शिल्पा शेट्टी भी पीछे नहीं रहीं
‘स्टॉप प्रेस, मीडिया हेडलाइंस बनाने के लिए किस हद तक जा सकता है। गलत और बेकार खबरों को देखकर परिवार गुस्से में और चिंताजनक है। कृप्या चार्ज के बारे में सही अधिकारियों से बात करें और अविश्वसनीय सूत्रों की बजाय सही खबर हासिल करें।’