भारतीय महिला क्रिकेट टीम पर इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में धीमी ओवरगति के लिए मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। भारत ने आठ रन से जीत के साथ सीरीज में बराबरी की। आईसीसी की विज्ञप्ति के मुताबिक, मैच रैफरी फिल विटीकेस ने जुर्माना लगाया। भारतीय टीम निर्धारित समय के भीतर एक ओवर पीछे रह गई थी।
विज्ञप्ति में कहा गया, 'आईसीसी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की आचार संहिता की धारा 2.22 के अनुसार खिलाड़ियों पर हर एक ओवर कम रहने पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।' भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सजा स्वीकार कर ली जिससे मामले की औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा की तूफानी पारी और स्पिनरों की कसी हुई गेंदबाजी से भारत ने रविवार को दूसरे टी-20 मुकाबले में इंग्लैंड को आठ रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला को 1-1 से बराबर किया। अब दोनों टीमों के बीच तीसरा मुकाबला 14 जुलाई को चेम्सफोर्ड में खेला जाएगा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 148 रन बनाए। टीम इंडिया की तरफ से शेफाली वर्मा (38 गेंदों पर 48 रन) और स्मृति मंधाना (16 गेंदों पर 20 रन) ने शानदार पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 70 रन जोड़े। वहीं, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 31 रन और दीप्ति शर्मा ने 27 गेंदों पर नाबाद 24 रन का योगदान दिया।
भारत के 148 रन के जवाब में इंग्लैंड की टीम 140 रन ही बना सकी और मैच हार गई। इंग्लैंड की तरफ से टैमी ब्यूमोंट (50 गेंदों पर 59 रन) और कप्तान हीथर नाइट 30 रन बनाए। दोनों के बीच तीसरे विकेटे के लिए 75 रनों की साझेदारी हुई। भारत की तरफ से लेग स्पिनर पूनम यादव ने चार ओवर में 17 रन देकर दो और ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा ने 18 रन देकर एक विकेट लिया जबकि स्नेह राणा ने चार ओवर में केवल 21 रन दिए। इस तरह से इन तीन स्पिनरों ने 12 ओवरों में केवल 56 रन दिए और तीन विकेट लिए।