भारतीय कप्तान विराट कोहली ने रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में हार के बाद अपने बल्लेबाजों की नाकामी और शॉट के गलत चयन पर निराशा व्यक्त की। इंग्लैंड ने एजबेस्टन में पहला टेस्ट मैच 31 रन से जीतकर पांच मैचों की श्रृंखला में शुरुआती बढ़त बनाई। दूसरा टेस्ट मैच लार्ड्स में नौ अगस्त से शुरू होगा।
भारत के सामने 194 रन का लक्ष्य था। कोहली ने एक छोर से अच्छा प्रदर्शन करके 51 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला और टीम 162 रन पर सिमट गई। कोहली ने मैच के बाद कहा, 'मेरा मानना है कि यह शानदार मैच था। इस तरह के रोमांचक टेस्ट मैच का हिस्सा बनने पर खुश हूं। कई अवसरों पर हमने वापसी की और जज्बा दिखाया, लेकिन इंग्लैंड ने कोई रहम नहीं दिखाया। उसने हमें एक एक रन के लिए संघर्ष कराया। इससे हमें अहसास हो गया कि हमें श्रृंखला में आगे क्या करना है।'