इंग्लैंड ने रविवार रात दूसरे टी-20 में ऑस्ट्रेलिया को पटकते हुए तीन मैच की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। अब तीसरा और अंतिम मैच मंगलवार को साउथैम्पटन के ही एजेस बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा, इसके बाद इतने ही मैच की वन-डे सीरीज होगी।
अब खबर यह आ रही है कि इंग्लिश विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर अपने परिवार के साथ समय बिताने के कारण आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में नहीं खेल पाएंगे। इस 29 वर्षीय खिलाड़ी ने दूसरे टी-20 में नाबाद 77 रन बनाकर अपनी टीम की छह विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
बटलर इंग्लैंड के जैव सुरक्षित वातावरण से निकलकर अपने परिवार के पास चले गए थे। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने सोमवार को बयान जारी कर इसकी जानकारी दी कि बटलर शुक्रवार को ओल्ड ट्रैफर्ड में होने वाले पहले एकदिवसीय मैच से पूर्व दोबारा बायो सिक्योर बबल में आ जाएंगे।
टेस्ट टीम के सदस्य के रूप में बटलर ने वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट शृंखलाओं के लिए दो महीने जैव सुरक्षित वातावरण में बिताए, इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया के इंग्लैंड दौरे के लिये सीमित ओवरों की टीम से जुड़ गए।
बटलर ने दूसरे टी-20 मैच में 54 गेंदों पर आठ चौके और दो छक्के की मदद से 77 रनों की नाबाद पारी खेली। बटलर की इस पारी के दम पर इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया से मिले 158 रनों के लक्ष्य को चार विकेट खोकर सात गेंद बाकी रहते हासिल किया था। बटलर ने पहले टी-20 मैच में भी 44 रनों का स्कोर किया था और इंग्लैंड ने इस मैच को दो रन से जीता था।