टी-20 ट्रॉफी के साथ दोनों कप्तान
- फोटो : ट्विटर
टेस्ट श्रृंखला में जीत के बाद आज से शुरू हो रही टी-20 सीरीज में इंग्लिश टीम का मनोबल सातवें आसमां पर होगा। दूसरी ओर पाकिस्तान खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट को जीतकर सफेद कपड़ों में मिली हार का दर्द भूलाना चाहेगा। दोनों टीम के बीच आज से शुरू हो रही तीन टी-20 मैच की श्रृंखला के सारे मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर ही खेले जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया में इस साल अक्तूबर-नवंबर में होने वाला टी-20 विश्व कप कोरोना वायरस महामारी के कारण स्थगित कर दिया गया है और ऐसे में भारत में होने वाले अगले टी-20 विश्व कप के लिए दोनों ही टीम के पास 15 महीने का समय है।
सितारों से सजी इंग्लिश टीम
इंग्लैंड जहां टी-20 रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे नंबर की टीम है तो लगातार हार के बाद पाकिस्तान तालिका में चौथे नंबर पर खिसक चुका है। बेन स्टोक्स, जो रुट, जोस बटलर की गैरमौजूदगी के बावजूद इंग्लिश टीम कागजों पर मजबूत लग रही है। कप्तान इयोन मॉर्गन, डेविड मलान और जॉनी बेयरस्टो किसी भी टीम की बखिया उधेड़ने में माहिर हैं। हालांकि जेसन रॉय के चोटिल होकर बाहर होने से अंग्रेजी खेमे को झटका जरूर लगा है, लेकिन मोईन अली, टॉम करन और डेविड विली जैसे ऑलराउंडर संतुलन पैदा करते हैं। क्रिस जॉर्डन, आदिश रशीद गेंदबाजी का मोर्चा बखूबी संभालेंगे।
संभावित XI: जॉनी बेयरस्टो, टॉम बंटन, डेविड मलान, इयोन मॉर्गन, सैम बिलिंग्स, जो डेनली, मोईन अली, डेविड विली, टॉम करन, क्रिस जॉर्डन, आदिल रशीद
पाकिस्तान की जान बाबर आजम
दूसरी ओर पाकिस्तान अपने नवनियुक्त कप्तान बाबर आजम की अगुवाई में एक नई शुरुआत करने जा रहा। इनकी बल्लेबाजी भी बाबर आजम के ही इर्द-गिर्द घूमती है। 17 सदस्यीय स्क्वॉड में मेजबान टीम को भरपूर विकल्प मिलते हैं। टेस्ट सीरीज में बेहतरीन खेल दिखाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान की प्लेइंग इलेवन में जगह तय दिख रही। फखर जमां, मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक जैसे अनुभवी खिलाड़ियों से बाबर को उम्मीद होगी। गेंदबाजी का मोर्चा मोहम्मद आमिर, वहाब रियाज जैसे धुरंधर संभालेंगे, जिन्हें युवा पेसर शाहिन अफरीद और स्पिनर शादाब खान का साथ मिलेगा।
संभावित XI: फखर जमां, बाबर आजम, मोहम्मद हफीज, हैदर अली, शोएब मलिक, शादाब खान, मोहम्मद रिजवान, इमाद वसीम, वहाम रियाज, मोहम्मद आमिर, शाहिन शाह अफरीदी
मौसम और रिकॉर्ड
अब तक दोनों देश आपस में 15 मौकों पर टकराए हैं। जिसमें 10 मैच इंग्लैंड तो चार मुकाबले पाकिस्तान के पक्ष में गए हैं। एक टी-20 ड्रॉ भी रहा है। आखिर बार खेल के सबसे छोटे प्रारूप में दोनों टीम का सामना मई 2019 में हुआ था, तब इंग्लैंड सात विकेट से जीता था। आखिरी के दो टेस्ट मैच का मजा बारिश ने किरकिरा किया था। आज से शुरू हो रही टी-20 सीरीज में भी मौसम विलन बन सकता है। मैनचेस्टर में शुक्रवार को बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण ड्रॉ रहा तीसरा टेस्ट यहीं खेला गया था।