इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। वहीं, इंग्लैंड की टीम नए कप्तान बेन स्टोक्स के नेतृत्व में मैदान पर उतरी है। न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 132 रनों पर सिमट गई। उसके लिए कॉलिन डी ग्रैंडहोम ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए डेब्यू करने वाले मैटी पॉट्स ने चार विकेट लिए। अनुभवी जेम्स एंडरसन ने भी चार विकेट झटके। दूसरी ओर, इंग्लैंड की टीम ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक सात विकेट पर 116 रन बना लिए हैं। वह न्यूजीलैंड से अभी भी 16 रन पीछे है। इंग्लैंड के बेन फोक्स छह और स्टुअर्ट ब्रॉड चार रन बनाकर नाबाद हैं।
कीवी टीम की शुरुआत खराब रही और उसने एक रन के कुल स्कोर पर ओपनर विल यंग का विकेट गंवाया। उन्हें एंडरसन ने अपने दूसरे और पारी के तीसरे ओवर में पवेलियन भेजा। यंग एक रन बना सके। उन्हें एंडरसन ने जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। इसके बाद पारी के पांचवें ओवर में एंडरसन एकार फिर गेंदबाजी के लिए आए।
इस ओवर में उन्होंने दूसरे ओपनर टॉम लाथम को चलता किया। लाथम भी एक रन बना सके। उन्हें भी एंडरसन ने बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। दो रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड ने दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद आठवें ओवर में स्टुअर्ट ब्रॉड ने डेवोन कॉन्वे को बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। कॉन्वे तीन रन बना सके। न्यूजीलैंड ने सात पर तीन विकेट गंवा दिए थे।
कप्तान केन विलियम्सन को मैटी पॉट्स ने पवेलियन भेजा। तेज गेंदबाज पॉट्स का यह डेब्यू टेस्ट है और डेब्यू मैच में ही उन्होंने विलियम्सन जैसे बड़े खिलाड़ी को विकेटकीपर बेन फोक्स के हाथों कैच कराया। विलियम्सन 22 गेंदों पर दो रन बना सके।
डेरिल मिशेल के रूप में कीवी टीम को पांचवां झटका लगा। वे 13 रन बना सके। वहीं, टॉम ब्लंडेल 14 रन बनाकर आउट हुए। काइल जेमीसन छह रन बना सके। पॉट्स ने डेब्यू मैच में विलियम्सन के अलावा मिशेल और ब्लंडेल को पवेलियन भेजा। वहीं, जेमीसन को एंडरसन ने आउट किया। टिम साउदी और ट्रेंट बोल्ट ने न्यूजीलैंड को 132 रन तक पहुंचाया। साउदी 26 रन बनाकर एंडरसन की गेंद पर आउट हुए। वहीं, एजाज पटेल (7 रन) को मैटी पॉट्स और ट्रेंट बोल्ट (14 रन) को बेन स्टोक्स ने आउट किया।
इस सीरीज से पहले एंडरसन और ब्रॉड को प्लेइंग-11 से ड्रॉप किया गया था। इंग्लैंड की टीम ने एशेज हारने के बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ भी सीरीज गंवाई थी। इसके बाद जो रूट ने कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था। इसी के बाद बेन स्टोक्स को कप्तान बनाया गया था।
इंग्लैंड के ओपनर्स जैक क्रॉली और एलेक्स लीस ने टीम को मजबूत शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 14 ओवर में 59 रनों की साझेदारी की। न्यूजीलैंड को पहली सफलता 14वें ओवर की अंतिम गेंद पर मिली। कायेल जेमीसन ने जैक क्रॉली को विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल के हाथों कैच कराया। क्रॉली ने 56 गेंद पर 43 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके लगाए। क्रॉली के आउट होने के बाद ओली पोप क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर एलेक्स लीस टिके हुए हैं।
इंग्लैंड को दूसरा झटका भी कायेल जेमीसन ने ही दिया। उन्होंने ओली पोप को पवेलियन का रास्ता दिखाया। पोप 27 गेंद पर सात रन बनाकर विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल को कैच थमा बैठे। उनके बाद जो रूट को कॉलिन डी ग्रैंडहोम ने पवेलियन भेजा। रूट 11 रन बनाकर टिम साउदी को कैच थमा बैठे। उनके बाद एलेक्स लीस भी पवेलियन लौट गए। लीस को साउदी ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। लीस ने 77 गेंद पर 25 रन बनाए।
साउदी ने इंग्लैंड को पांचवां झटका कप्तान बेन स्टोक्स को आउट कर दिया। स्टोक्स एक रन बनाकर ब्लंडेल को कैच थमा बैठे। उनके बाद जॉनी बेयरस्टो भी नहीं टिक सके। नौ गेंद पर वो एक रन बनाकर आउट हो गए। बेयरस्टो को ट्रेंट बोल्ट ने क्लीन बोल्ड कर दिया। बेयरस्टो को आउट करने के बाद दो गेंद बाद ही बोल्ट ने पॉट्स को आउट कर दिया। पॉट्स खाता भी नहीं खोल सके।
लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन का खेल समाप्त हो चुका है। इंग्लैंड ने पहली पारी में सात विकेट पर 116 रन बना लिए हैं। वह न्यूजीलैंड से अभी भी 16 रन पीछे है। बेन फोक्स छह और स्टुअर्ट ब्रॉड चार रन बनाकर नाबाद हैं। न्यूजीलैंड के लिए पहली पारी में टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट और कायेल जेमीसन ने दो-दो विकेट लिए हैं। कॉलिन डी ग्रैंडहोम को एक सफलता मिली है।