इससे पहले कुलदीप यादव (5 विकेट) की करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने मंगलवार को मैनचेस्टर में खेले जा रहे पहले टी-20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड के मजबूत इरादों को तगड़ा झटका दिया। मेजबान टीम ने टीम इंडिया के सामने 160 रन का लक्ष्य रखा है।
दमदार शुरुआत के बाद इंग्लैंड की टीम कुलदीप की फिरकी में उलझी और निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 159 रन बना सकी। जोस बटलर (69) इंग्लैंड के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे। वहीं टीम इंडिया की तरफ से कुलदीप यादव ने चार ओवर के अपने कोटे में 24 खर्च करके पांच विकेट झटके।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड को ओपनर्स जेसन रॉय (30) और जोस बटलर ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने केवल 29 गेंदों में स्कोर पर 50 रन टांग दिए। उमेश यादव ने 5वें ओवर की अंतिम गेंद पर रॉय को क्लीन बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 20 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 30 रन बनाए।
इसके बाद बटलर ने एलेक्स हेल्स (8) के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की। इस दौरान हेल्स रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे। उन्होंने 8 रन बनाने के लिए 18 गेंदों का सहारा लिया। इसका फायदा कुलदीप यादव ने उठाया और हेल्स को क्लीन बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा।
इस बीच जोस बटलर ने हार्दिक पांड्या द्वारा किए पारी के 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर डीप स्क्वायर के ऊपर से छक्का जमाकर अपने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट का 7वां अर्धशतक जमाया। टीम इंडिया के खिलाफ 11वें मैच में बटलर ने पहली फिफ्टी जमाई। दाएं हाथ के बल्लेबाज 29 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से पचासा पूरा किया।
फिर तो इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर कुलदीप यादव कहर बनकर टूट पड़े। उन्होंने पारी के 14वें ओवर में तबाही मचा दी। चाइनामैन ने एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर इंग्लैंड की कमर तोड़ दी। उन्होंने सबसे पहले इंग्लिश कप्तान इयोन मोर्गन (7) को डीप मिडविकेट पर कप्तान कोहली के हाथों कैच कराया। फिर तीसरी गेंद पर जॉनी बेयरस्टो जबकि चौथी गेंद पर जो रूट को धोनी से स्टंपिंग कराया।
फिर कुलदीप ने इंग्लैंड के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर जोस बटलर को लांगऑन पर कोहली के हाथों कैच आउट कराकर अपना पांचवां शिकार किया। कुलदीप यादव विश्व के दूसरे ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने इंग्लैंड में टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलते हुए एक पारी में पांच विकेट झटके। इससे पहले यह उपलब्धि पाकिस्तान के तेज गेंदबाज उमर गुल ने हासिल की थी।
हार्दिक पांड्या ने मोइन अली 6 को मिडऑफ में सुरेश रैना के हाथों कैच आउट कराकर इंग्लैंड को छठा झटका दिया। उमेश यादव ने क्रिस जॉर्डन का कैच अपनी ही गेंद पर लपककर अपना दूसरा शिकार किया। अंत में डेविड विली ने 15 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 29 रन बनाए। उनके साथ लियाम प्लंकेट 3 रन बनाकर नाबाद रहे। टीम इंडिया में कुलदीप के अलावा उमेश यादव ने दो विकेट लिए। हार्दिक पांड्या को एक सफलता मिली।
बता दें कि टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने मंगलवार को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 इंटरनेशनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। विराट कोहली की अगुआई वाली टीम इंडिया, इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले को जीतने की भरपूर कोशिश करेगी।
दोनों टीमें इस प्रकार हैंः
टीम इंडिया: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन , रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, सुरेश रैना, मनीष पांडे, महेंद्र सिंह धोनी, दिनेश कार्तिक, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, कृणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, हार्दिक पांड्या, सिद्धार्थ कौल और उमेश यादव।
इंग्लैंड: इयोन मोर्गन (कप्तान), मोइन अली, जोनी बेयरस्टो, जैक बॉल, जोस बटलर , सैम कुरेन, एलेक्स हेल्स, क्रिस जॉर्डन, लियाम प्लंकेट, आदिल राशिद , जो रूट, जेसन राय, डेविड विली और डेविड मलान।