जेम्स विंस (83) और डेविड मालन (56) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत एशेज सीरीज के पहले टेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार को इंग्लैंड की पहली पारी 302 रन पर ऑलआउट हुई। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 4 विकेेट खोकर 165 रन बना लिए हैं। कंगारू कप्तान स्टीव स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया की लड़खड़ाती पारी को संभाल लिया है। स्मिथ अभी 64 रनों पर नाबाद हैं। उनके साथ शॉन मार्श 44 रन पर नाबाद हैं। दोनों के बीच अब तक 89 रनों की साझेदारी हो चुकी है। तीसरे दिन स्मिथ पर बड़ी पारी खेल ऑस्ट्रेलिया को विशाल बढ़त दिलाने की जिम्मेदारी होगी। पहले दिन 81 ओवर का खेल हुआ जबकि दूसरे दिन महज 62 ओवर का ही खेल हो सका।
ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती विकेट जल्दी जल्दी गिर गए। पहला विकेट 7 रन तथा दूसरा विकेट 30 पर तथा तीसरा विकेट डेविड वार्नर के रूप में 59 रन पर गिर गया था। इसके बाद स्मिथ और मार्श ने पारी को संभाला। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने ऑस्ट्रेलियाई ओपनर कैमरून बेनक्रॉफ्ट (5) को विकेटकीपर बेयरस्टो के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद डेविड वॉर्नर (26) और उस्मान ख्वाजा (11) ने दूसरे विकेट के लिए 23 रन जोड़े। ऑफ स्पिनर मोइन अली ने ख्वाजा को LBW आउट करके ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया। जल्द ही जैक बॉल ने खतरनाक ओपनर डेविड वॉर्नर को मालन के हाथों कैच आउट कराकर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर धकेल दिया।
इससे पहले इंग्लैंड ने दूसरे दिन अपनी पारी 196/4 से आगे बढ़ाई। इंग्लैंड की टीम 302 रन पर ऑलआउट हो गई। पहले दिन 28 रन पर नाबाद डेविड मालन और 13 रन बनाकर क्रीज पर जमे मोइन अली ने पांचवें विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी की। मिचेल स्टार्क ने मालन को मार्श के हाथों कैच आउट कराकर ऑस्ट्रेलिया को दिन की पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद नाथन लायन ने अली को LBW आउट करके इंग्लैंड का छठा विकेट झटका। अपने अगले ओवर में लायन ने क्रिस वोक्स को क्लीन बोल्ड करके इंग्लैंड का सातवां विकेट गिराया। वोक्स खाता नहीं खोल सके।
यहां से जॉनी बेयरस्टो (9) ने स्टुअर्ट ब्रॉड (20) के साथ इंग्लैंड के स्कोर में 20 रन का इजाफा किया। हालांकि कमिंस ने बेहतरीन गेंद डालकर बेयरस्टो को विकेटकीपर टिम पैन के हाथों कैच आउट करा दिया।
फिर ब्रॉड ने जैक बॉल (14) के साथ 9वें विकेट के लिए 16 रन जोड़े। तब स्टार्क ने बॉल को वॉर्नर के हाथों की शोभा बनाया। यहां से ब्रॉड ने जेम्स एंडरसन (5*) के साथ इंग्लैंड को 300 रन के पार लगाया। हेजलवुड ने ब्रॉड को हैंड्सकोंब के हाथों कैच आउट कराकर इंग्लिश पारी का अंत किया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस ने तीन-तीन जबकि नाथन लायन ने दो विकेट लिए। जोश हेजलवुड को एक सफलता मिली।