इंग्लैंड ने शनिवार को तीसरे टी-20 मुकाबले में श्रीलंका को 89 रन से हराकर तीन मैचों की टी-20 सीरीज 3-0 से अपने नाम की। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने छह विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए और मेहमान टीम को जीत के लिए 181 रन का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 91 रन पर ही सिमट गई। इंग्लैंड की तरफ से डेविड विली ने सर्वाधिक तीन और सैम करन से दो विकेट चटकाए। अगर मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने धमाकेदार शुरुआत की।
सलामी बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी हुई। जॉनी बेयरस्टो ने 43 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, डेविड मलान ने धुआंधार पारी खेलते हुए 48 गेंदों में पांच चौके और चार छक्के की मदद से 76 रन बनाए। शानदार बल्लेबाज के लिए मलान को मैन ऑफ मैच चुना गया। दूसरी तरफ से श्रीलंकाई बल्लेबाज इंग्लिश गेंदबाजों के आगे घुटने टेक दिए। कोई भी बल्लेबाज 20 रन से ज्यादा का आंकड़ा पार नहीं कर सका। बता दें कि पहला टी-20 इंग्लैंड ने आठ विकेट से जबकि दूसरा टी-20 पांच विकेट से (डकवर्थ लुईस नियम से) जीता था। टी-20 के बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वन-डे सीरीज खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत 29 जून से होगी।