इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाज आदिल राशिद कंधे की चोट की वजह से आगामी सीजन से बाहर हो गए हैं। 31 वर्षीय राशिद इस इंग्लिश सीजन के किसी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगे। हालांकि उन्हें भरोसा है कि विंटर सीजन में होने वाले न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका दौरे तक वो पूरी तरह फिट हो जाएंगे।
यॉर्कशायर क्रिकेट वेबसाइट से बातचीत में राशिद ने कहा, 'मेरा लक्ष्य था कि विश्व कप से वापस आकर यॉर्कशायर के लिए खेलूं। मैं यॉर्कशायर के लिए खेलना पसंद करता हूं लेकिन किस्मत में ऐसा नहीं था।'
उन्होंने आगे कहा, 'जब मैं खेल सकूंगा तो खेलूंगा। मैं फिलहाल खेलने के लिए फिट होने की स्थिति के करीब भी नहीं हूं। लोगों का मत अलग होगा लेकिन मैं खेल नहीं सकता। इसके अलावा की जारी कोई भी बात बकवास है। मेरा लक्ष्य सर्दिया शुरू होने से पहले अपने कंधे को फिट, मजबूत और ताकतवर बनाना है।'
बता दें कि राशिद ने इंग्लैंड के लिए 99 वनडे मैचों में 143 विकेट लिए हैं। वहीं उन्होंने इंग्लैंड के लिए केवल 19 टेस्ट मैच ही खेले हैं जिसमें उन्होंने 60 विकेट लिए हैं। जबकि टी-20 इंटरनेशनल मैचों में राशिद ने 37 मैचों में 36 विकेट लिए हैं। राशिद ने कहा कि उन्होंने 13-14 साल तक प्रोफेशनल क्रिकेट खेला है। और पहली बार है कि वे कंधे की चोट से जूझ रहे हैं।