नवंबर महीने के लिए आईसीसी ने प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ियों के नाम का एलान कर दिया है। पुरुषों में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने यह अवॉर्ड अपने नाम किया है। वहीं, महिलाओं में पाकिस्तान की सिदरा अमीन प्लेयर ऑफ द मंथ बनी हैं। सिदरा अमीन ने पहली बार यह पुरस्कार अपने नाम किया है। बटलर ने अपने साथी खिलाड़ी आदिल राशिद और पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी को पीछे छोड़ते हुए यह पुरस्कार अपने नाम किया।
बटलर ने टीम को बनाया विश्व चैंपियन
जोस बटलर ने टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल मैच में भारत के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की थी और 2010 के बाद अपनी टीम को फिर से विश्व चैंपियन बनाया। भारत के खिलाफ मैच में बटलर ने एलेक्स हेल्स के साथ 170 रन की नाबाद साझेदारी कर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया था। इस मैच में उन्होंने 49 गेंद में नाबाद 80 रन बनाए थे। इसमें नौ चौके और तीन छक्के शामिल थे। बटलर की कप्तानी में ही इंग्लैंड ने फाइनल में पाकिस्तान को हराया था और खिताब जीता।
नवंबर में बटलर ने चार टी20 मैच में दो बार अर्धशतकीय पारी खेली। बटलर ने कहा कि यह पुरस्कार जीतना एक बड़ा सम्मान है और मतदान करने वाले फैंस और अपने साथियों की तारीफ की, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप खिताब जीतने में योगदान दिया।
बटलर ने कहा, "मैं नवंबर के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ के रूप में मुझे वोट देने के लिए फैंस का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। यह पुरस्कार मेरे टीम के साथियों के प्रयासों के लिए है, जो कि क्रिकेट का सबसे अविश्वसनीय महीना था, जिसमें हमने ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप जीता। यह क्रिकेट के सबसे अच्छे महीनों में से एक है, जिसमें मैं शामिल रहा हूं, और विश्व चैंपियन बनने के लिए टीम का नेतृत्व करना बहुत खास था।"
सिदरा पहली बार बनीं प्लेयर ऑफ द मंथ
सिदरा अमीन ने आयरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में 277 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने पहले वनडे मैच में महिला क्रिकेट में वनडे की पांचवीं सबसे बड़ी पारी भी खेली। पाकिस्तान की सलामी बल्लेबाज ने लाहौर में 151 गेंदों में नाबाद 176 रन बनाए और मुनीबा अली के साथ पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 221 रन की साझेदारी की।
महिला क्रिकेट में पहली बार किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी ने वनडे में 150 रन से बड़ी पारी खेली। इसी सीरीज के दूसरे मैच में सिदरा ने नाबाद 91 रन बनाए और अपनी टीम को जीत दिलाई। इसके साथ ही वह आईसीसी महिला वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में भी 22वें स्थान पर पहुंच गईं। आईसीसी रैंकिंग में वह पाकिस्तान की सर्वोच्च रैंक वाली बल्लेबाज हैं।
आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ बनने पर सिदरा अमीन ने कहा "मुझे यह पुरस्कार जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह मेरी टीम की साथी निदा डार के लिए भी खास है, जिन्होंने अक्तूबर महीने में यह पुरस्कार अपने नाम किया था। इससे पता चलता है कि हमारी टीम ने पिछले कुछ महीनों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुछ शानदार प्रदर्शन किए हैं। मैं इस पुरस्कार को अपने माता-पिता और उन सभी को समर्पित करना चाहती हूं, जिन्होंने हमेशा मेरा समर्थन किया है और मेरी सफलता के लिए प्रार्थना की है। आयरलैंड के खिलाफ बल्ले से मेरा प्रदर्शन, जिसने घर में वनडे सीरीज में आयरलैंड पर क्लीन स्वीप करने में मदद की, वह हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगा। व्यक्तिगत रूप से, यह साल मेरे लिए बहुत अच्छा रहा है, मैंने तीन वनडे शतक बनाए हैं और सभी इस साल आए हैं और सबसे ऊपर, नवंबर के लिए आईसीसी महिला खिलाड़ी का अवॉर्ड जीतकर साल का अंत करना अद्भुत है।"