इन दिनों मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेली जा रही है। जिसका पहला मुकाबला 23 जून को कार्डिफ में हुआ। इंग्लैंड ने इस मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 8 विकेट से रौंद दिया। इंग्लिश टीम को मैच जिताने में जोस बटलर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा श्रीलंका के बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों का तोड़ नहीं ढूंढ़ पाए।
सोफिया गार्डन्स में खेले गए सीरीज के पहले मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बैटिंग करने उतरी मेहमान टीम की शुरुआत ठीक नहीं रही और पहला विकेट 3 रनों पर गिर गया। पारी का आगाज करने आए अविष्का फर्नांडो बगैर कोई रन बनाए आउट हुए। इसके बाद कुशल परेरा ने दानुष्का गुनाथिलका के साथ श्रीलंका की पारी को आगे बढ़ाया। गुनाथिलका 30 रन बनाकर आउट हुए।
मध्यक्रम में धनंजय डि सिल्वा और कुशल मेंडिस जल्दी आउट हो गए। वहीं दासुन शनाका बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 50 रन बनाए। इस तरह श्रीलंका अपनी पारी में 7 विकेट पर 129 रन बना पाया। इंग्लैंड की तरफ से सैम करन और आदिल रशीद ने 2-2 विकेट लिए। जबकि मार्क वुड, क्रिस जॉर्डन और लियाम लिविंग्स्टोन को 1-1 विकेट मिला।
जीत के लिए 130 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने जोरदार शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय और जोस बटलर ने पहले विकेट के लिए 80 जोड़े। रॉय 36 रन बनाकर आउट हुए। वहीं बटलर की आक्रामक बैटिंग जारी रही।
उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदो पर 68 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इनिंग्स के दौरान बटलर ने 8 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं जॉनी बेयरस्टो 13 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड ने 2 विकेट पर 130 रन बनाकर यह मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया। मैच जिताऊ पारी खेलने वाले बटलर को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला। इस जीत के साथ इंग्लैंड की टीम 3 मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे हो गई।