सीरीज के पहले वनडे में इंग्लैंड को 9 रनों से मिली जीत में जहां उसके गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई वहीं भारत को बॉलरों के चलते ही मुंह की खानी पड़ी। बेहद सपाट पिच पर हुए इस मैच में दोनों तरफ के बल्लेबाजों ने जमकर रन बनाए, लेकिन गेंदबाजी के मोर्चे पर इंग्लैंड बाजी मार ले गया।
हीरो रहे ब्रिटिश गेंदबाज
गुजरात के राजकोट में खेले गए सीरीज के पहले मैच में दोनों पारियों को मिलाकर 641 रन बने। रनों से भरी इस पिच पर इंग्लैंड के गेंदबाजों ने अपने प्रदर्शन से मैच के साथ दिल भी जीत लिया। लेग स्पिनर जेम्स ट्रेडवेल ने भारतीय पिच स्थिति का खूब फायदा उठाया। उन्होंने अपने 10 ओवर की गेंदबाजी में महज 44 रन खर्च किए और भारत के चार प्रमुख बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। अजिंक्यर रहाणे (47), गौतम गंभीर (52), युवराज सिंह (61) और सुरेश रैना (50) जैसे क्रीज पर जमे हुए बल्लेबाज ट्रेडवेल के शिकार बने।
ट्रेडवेल ने पारी के बीच में शानदार गेंदबाजी कर जहां मैच में इंग्लैंड की वापसी कराई वहीं आखिरी ओवरों में जेड डर्नबाक ने एक ही ओवर में एमएस धोनी और रवींद्र जडेजा को आउट कर मैच को भारत की पकड़ से दूर कर दिया। इन दोनों के अलावा टिम ब्रेस्नन ने दो जबकि स्टीवन फिन ने भी एक विकेट हासिल किया। मैच के दौरान खास बात यह रही कि भारत की ओर से जब भी कोई बल्लेबाज खुलकर शॉट्स लगाने की कोशिश करता इंग्लैंड के गेंदबाज उन्हें पवेलियन भेज देते।
भारतीय गेंदबाज रहे जीरो
भुवनेश्वर कुमार और ईशांत शर्मा की जोड़ी ने शुरुआती ओवरों में इंग्लैंड के बल्लेबाजों को बांधे रखा। पहले स्पेल में ईशांत ने दो मेडन ओवर डाले जबकि उनके आखिरी के दो ओवरों में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने 33 रन जुटाए। दो मेडन ओवर डालने के बावजूद ईशांत ने 10 ओवर में 86 रन लुटाए।
रवींद्र जडेजा सहित पांच गेंदबाजों के साथ खेल रही टीम इंडिया आखिरी के ओवरों में इंग्लैंड के रनगति पर अंकुश लगाने में पूरी तरह नाकाम दिखे। मुख्य स्पिनर आर अश्विन ने 10 ओवर में 61 रन खर्च किए तो भुवनेश्वर के 7 ओवर में 52 रन पड़े। मैच में दो विकेट लेने वाले अशोक डिंडा ने भी आठ ओवर में 53 रन दिए। जडेजा ने थोड़ी किफायती गेंदबाजी की लेकिन उन्हें भी कोई सफलता नहीं मिली।
फुल स्कोरकार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें।