इंग्लैंड vs वेस्टइंडीज टी-20 विश्व कप
- फोटो : सोशल मीडिया
इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को सुपर-12 राउंड के ग्रुप-1 के मुकाबले में छह विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड की टीम दो अंकों के साथ ग्रुप में टॉप पर पहुंच गई है। वहीं, दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया है। उसके भी दो अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट के हिसाब से इंग्लैंड की टीम आगे है।
मैच से पहले इंग्लैंड और वेस्टइंडीज टीम के खिलाड़ियों ने नस्लवाद के खिलाफ लड़ाई में समर्थन दिया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैच से पहले घुटने के बल बैठकर नस्लवाद के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया।
मैच से पहले यह पूछे जाने पर कि वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में ही इंग्लैंड ने ऐसा करने का फैसला क्यों किया? इसके जवाब में कप्तान इयोन मॉर्गन ने कहा कि खिलाड़ी इस आंदोलन के साथ हैं। उन्होंने कहा कि हमें राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर बदलाव लाने के लिए इस मुहिम का हिस्सा बनना चाहिए।
इससे पहले पिछले साल भी घरेलू सीरीज के दौरान इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में 'ब्लैक लाइव्स मैटर' अभियान को समर्थन दिया था। वहीं, टी-20 विश्व कप 2021 में वेस्टइंडीज-इंग्लैंड से पहले दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने नस्लवाद के विरोध में घुटने के बल बैठे थे।
अश्वेत फ्लॉयड की मौत से शुरू हुआ था अभियान
करीब डेढ़ साल पहले अमेरिका में अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई थी। उसी के बाद दुनियाभर में 'ब्लैक लाइव्स मैटर' अभियान की शुरुआत हुई। मिनेपोलिस शहर की पुलिस ने 25 मई, 2020 को फ्लॉयड को धोखाधड़ी के आरोप में पकड़ा था।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उन्हें हथकड़ी पहनाई और जमीन पर उल्टा लिटाकर उसकी गर्दन को घुटने से करीब नौ मिनट तक दबाए रखा। इससे जॉर्ज की सांसें रुक गईं और मौत हो गई। इसके बाद 40 से भी अधिक शहरों में हिंसक प्रदर्शन हुए थे।