इंग्लैंड के नए टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने पूर्व टेस्ट कप्तान जो रूट को लेकर बड़ा बयान दिया है। स्टोक्स ने कहा है कि पूर्व कप्तान चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। इंग्लैंड की टीम को अगले महीने अपने घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है। केन विलियमसन की टीम वहां तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। पहला टेस्ट दो से छह जून तक लॉर्ड्स, दूसरा टेस्ट 10 से 14 जून तक तक नॉटिंघम और तीसरा टेस्ट 23 से 27 जून तक लीड्स में खेला जाएगा।
इंग्लैंड की टीम पिछले 12 महीनों से खराब प्रदर्शन के कारण परेशान है। इस कारण जो रूट को कप्तानी से इस्तीफा भी देना पड़ा। रूट पिछले कुछ समय से तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन स्टोक्स नई योजना के साथ उतरेंगे। रूट ने 2021 से अब तक छह शतक लगाए हैं, लेकिन टीम के प्रदर्शन में कोई सुधार देखने को नहीं मिला।
भले ही रूट ने वेस्टइंडीज में दो शतक लगाए हों, लेकिन स्टोक्स अपनी टीम की सबसे बड़ी ताकत (जो रूट) को सबसे बड़ी कमजोरी (चौथे क्रम) के लिए कुर्बान कर सकते हैं। स्टोक्स ने खुलासा किया, "मैंने रूट से पहले ही बात कर ली है। मैंने उन्हें चार नंबर पर वापस जाने के लिए कहा है और मैं छह पर उतरने वाला हूं। रूट किसी भी क्रम पर रन बना सकते हैं, लेकिन उनके लिए सबसे बेहतर चार नंबर है।''
स्टोक्स का यह फैसला बाकी बल्लेबाजी क्रम को कैसे प्रभावित करता है, यह देखा जाना बाकी है। उदाहरण के लिए, जॉनी बेयरस्टो ने सिडनी और एंटीगुआ में छठे नंबर पर शतक लगाए। उन्हें तीसरे क्रम पर वापस भेजा जा सकता है। ऐसा भी हो सकता है टॉम हैन्स या एलेक्स लीज में से किसी को इस क्रम पर मौका मिल सकता है। स्टोक्स तीसरे क्रम पर जैक क्रॉली को भी वापस ला सकते हैं। पांचवें नंबर के दावेदारों में ओली पोप, डैन लॉरेंस और हैरी ब्रुक हैं।
गेंदबाजी में जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड की अनुभवी जोड़ी का समर्थन बेन स्टोक्स ने किया है। उन्होंने कहा कि टीम के पास कई बेहतर विकल्प मौजूद हैं। सैम करन सरे के लिए काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं। वहीं, जोफ्रा आर्चर, ओली स्टोन और मार्क वुड भी वापसी के लिए तैयार हैं। स्टोक्स ने कहा, "आप देखिए चोट के कारण वुड, आर्चर, स्टोन और करन खेलने के लिए उपलब्ध नहीं हैं। उन्हें अपनी जगह बनाने के लिए लड़ाई करनी होगी। हमारे पास ब्रॉड, एंडरसन, रॉबिंसन और वोक्स भी हैं। हम एक बेहतरीन प्लेइंग-11 चुनेंगे।''