एशेज सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड को करारी हार का सामना करना पड़ा है। पैट कमिंस की अगुवाई में कंगारू टीम ने उन्हें नौ विकेट से हराया है। इंग्लैंड पिछले आठ सालों से ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट मैच जीतने के लिए तरस रहा है। जो रूट की कप्तानी में इंग्लैंड की टीम अपने चिर प्रतिद्वंदी ऑस्ट्रेलिया को उसकी धरती पर नहीं हरा पा रही है। कई मैचों में इंग्लैंड को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड के कप्तान जो रूट का प्रदर्शन भी यहां साधारण रहा है और वो अब तक ऑस्ट्रेलिया की धरती में कोई शतक नहीं लगा पाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया में रूट का औसत 40 के करीब है, लेकिन वो यहां बड़ी पारी नहीं खेल पा रहे हैं। वहीं रूट के अलावा इंग्लैंड के बाकी बल्लेबाज भी ऑस्ट्रेलियाई धरती पर फ्लाप रहे हैं। इसी वजह से पिछले कुछ सालों में इंग्लैंड को लगातार बड़ी हार का सामना करना पड़ा है।
2013 से 11 मैच खेले सिर्फ एक मैच ड्रॉ किया
ऑस्ट्रेलिया में इंग्लैंड ने 2013 के बाद से 11 मैच खेले हैं और 10 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। सिर्फ एक मैच ड्रॉ हुआ है। वहीं आखिरी चार मैचों में दो मैच इंग्लैंड पारी के अंतर से हारा है। इंग्लैंड की गेंदबाजी इस दौरान चिंता का विषय नहीं रही है, क्योंकि स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन के अलावा भी कई गेंदबाज अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। इन सभी गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया में भी विकेट निकाले हैं, लेकिन इंग्लैंड के बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया में कुछ खास नहीं कर पा रहे हैं।
इंग्लैंड के कप्तान जो रूट का प्रदर्शन बेहद शानदार है और इंग्लैंड के अलावा एशिया स्पिन पिच में भी उन्होंने खूब रन बनाए हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में उनका बल्ला खामोश रहा है। इसी वजह से कंगारुओं के खिलाफ इंग्लैंड का रिकॉर्ड खराब है।