पांच फरवरी से भारत के इंग्लैंड दौरे की शुरुआत हो रही है। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में दोनों टीम पहले टेस्ट में आमने-सामने होंगी। भारतीय कप्तान कोहली जहां पितृत्व अवकाश के बाद वापसी कर रहे हैं तो चोटिल हो चुके टीम के कई खिलाड़ियों की फिटनेस पर भी नजरें होंगी।
इस बीच इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने स्पष्ट किया कि विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो दूसरे टेस्ट के बाद ही टीम से जुड़ेंगे, इससे पहले, इंग्लैंड के बल्लेबाजी कोच ग्राहम थोर्प ने कहा था कि बेयरस्टो पहले टेस्ट के बाद टीम से जुड़ेंगे। ईसीबी ने इस बाबत एक बयान भी जारी किया है।
बेयरस्टो को चार टेस्ट की सीरीज के शुरुआती दो मैचों के लिए आराम दिया गया था, जिसके बाद कई पूर्व खिलाड़ियों ने इसकी आलोचन की थी। वह श्रीलंका में अपनी पिछली सीरीज के दौरान कप्तान जो रूट के बाद इंग्लैंड के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे।
तीसरे और चौथे टेस्ट के लिए जॉनी बेयरस्टो के साथ-साथ युवा ऑलराउंडर सैम करन और तेज गेंदबाज मार्क वुड जुड़ सकते हैं। दूसरी ओर ऑलराउंडर बेन स्टोक्स, पेसर जोफ्रा आर्चर और ओपनर रोरी बर्न्स अपने ट्रेनिंग सेशन के पहले दौर के लिए पूरी तरह तैयार हैं। छह दिन के कड़े क्वारंटीन नियमों से गुजरने के बाद तीनों क्रिकेटर्स आज से अपना पहला अभ्यास सत्र शुरू करेंगे।
तीनों खिलाड़ी श्रीलंका दौरे के लिए टीम में शामिल नहीं थे। जबकि, 27 जनवरी को चेन्नई पहुंचे इंग्लैंड के अन्य खिलाड़ी अभी पृथकवास में ही हैं। बीते दिनों सभी की दूसरी कोरोना रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। लगातार क्रिकेट खेल रहे बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर को भारत के लंबे दौरे के मद्देनजर आराम दिया गया था, जबकि बर्न्स पिता बनने की वजह से श्रीलंका दौरे में टीम का हिस्सा नहीं थे।
इंग्लैंड के मीडिया मैनेजेर डैनी रिबुन ने बताया कि ये तीनों खिलाड़ी रोजाना दो घंटे ही प्रैक्टिस करेंगे। कोविड प्रोटोकॉल के तहत इंग्लैंड टीम के अन्य सदस्य मैच से तीन दिन पहले ही अभ्यास सत्र शुरू कर पाएंगे। 2 फरवरी से इंग्लिश खिलाड़ी मैदान पर पसीना बहाएंगे।