'मिस्टर भरोसेमंद' के नाम से पुकारे जाने वाले राहुल द्रविड़ से पिछले हफ्ते हुई पुलिस की पूछताछ से बीसीसीआई के अंतरिम अध्यक्ष जगमोहन डालमिया भी आहत हैं।
आईपीएल 6 में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान द्रविड़ को स्पॉट फिक्सिंग मामले में गवाह बनाए जाने पर दुख जाहिर करते हुए डालमिया ने कहा कि इस पूर्व क्रिकेटर को साथी खिलाड़ियों श्रीसंत, अंकित चव्हाण और अजीत चंदीला के कारण यह सब देखना पड़ा।
उन्होंने कहा, ‘मुझे द्रविड़ को लेकर काफी दुख है। द्रविड़ जैसे खिलाड़ी के साथ यह सब होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कार्यकारी समिति की बैठक में एसीएसयू के प्रमुख रवि सावंत द्वारा श्रीसंत मामले में सौंपी गई रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी।’
द्रविड़ ने भी पुलिस से उनके घर जाकर हुई पूछताछ में स्वीकार किया था कि साथी क्रिकेटरों ने उनके साथ धोखा किया। अगर उन्हें उनकी हरकतों के बारे में जरा भी जानकारी होती तो वे उन्हें टीम में ही नहीं रखते।
साथ ही डालमिया ने बताया कि आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग के बाद आलोचनाओं में घिर चुके बीसीसीआई के अध्यक्ष एन श्रीनिवासन बोर्ड की कार्यकारी समिति की 28 जुलाई को होने वाली बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे।