क्रिकेट मैचों में कई बार अजीबोगरीब स्थितियां हो जाती हैं, और इस बार जो घटना हुई है वो तो गली-मोहल्लों के क्रिकेट में भी नहीं दिखतीं। कभी आपने सुना है कि अंपायरिंग करते हुए दोनों अंपायर नाराज हो गए और मैच को बीच में ही छोड़कर बाहर चले गए जिससे कोई परिणाम ही नहीं निकल सका।
लेकिन ऐसा सब कुछ हुआ है और यह तब हुआ जब उस मैच में दोनों टीमों से करीब 10 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी खेल रहे थे।
यहां बात हो रही है बांग्लादेश में खेली जा रही ढाका प्रीमियर लीग की जिसमें एक मैच अंपायरों के नाराज होने से अधूरा रह गया और मैच का कोई परिणाम ही नहीं आ सका। ढाका प्रीमियर लीग इस बार इसलिए खास माना जा रहा था क्योंकि इस टूर्नामेंट में पहली बार भारतीय खिलाड़ी भाग ले रहे थे। विस्फोटक बल्लेबाज युसूफ पठान और सचिन बेबी जैसे कुछ बड़े भारतीय नाम इस लीग में खेलने गए हुए हैं।
बावजूद इसके एक मैच में अजीबोगरीब विवाद पैदा हो गया जब अंपायर के एक फैसले पर न सिर्फ खिलाड़ियों ने विरोध जताना शुरू कर दिया बल्कि स्टेडियम में बैठे दर्शक भी दोनों अंपायरों पर कमेंट करने लगे जिससे नाराज अंपायर मैच रेफरी को बताकर वहां से निकल गए और मैच पूरा नहीं खेला जा सका।