बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान की शर्मनाक हार के बाद टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को खास सलाह दी है। उन्होंने कहा कि जो भारत कर रहा है पाकिस्तान टीम को वही करना चाहिए।
पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश
- फोटो : @BCBtigers
दरअसल, बांग्लादेश के खिलाफ जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान की टीम को 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इस निराशाजनक प्रदर्शन के लिए टीम को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। अब पूर्व दिग्गज क्रिकेटर ने टीम मैनेजमेंट और बोर्ड को खास सलाह दी है।
पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश
- फोटो : @BCBtigers
बासित अली का मानना है कि टीम मैनेजमेंट को लाल गेंद क्रिकेट पर अधिक ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान का इस प्रारूप में मजबूत पूल नहीं है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट को वनडे में ध्यान देने की बजाय रेड बॉल क्रिकेट पर अधिक मेहनत करनी चाहिए। बासित ने कहा कि पाकिस्तान ने इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के सिस्टम को कॉपी किया है, लेकिन उन्हें भारत की नीतियों को अपनाना चाहिए।
पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश
- फोटो : @TheRealPCB
इस दौरान अली ने भारत में होने वाली दलीप ट्रॉफी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, "दलीप ट्रॉफी शुरू होने वाली है। क्या यह टी20 या वनडे टूर्नामेंट है? यह चार दिवसीय टूर्नामेंट है। उन्होंने अपना आधार मजबूत बनाने पर ध्यान केंद्रित किया, यही वजह है कि वे (भारत) इतने सफल हैं।" बांग्लादेश के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले टेस्ट टीम से रिलीज किए गए अबरार अहमद और आमिर जमाल की वापसी हुई है। दोनों से पाकिस्तान को दूसरे टेस्ट में वापसी दिलाने की उम्मीद होगी।