टीम इंडिया से बाहर चल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अहम जिम्मेदारी मिली है। वह तमिलनाडु टीम की कमान संभालेंगे। वहीं, विजय शंकर को उपकप्तान बनाया गया है। बता दें कि मुश्ताक अली ट्रॉफी अगले साल 10 जनवरी से खेली जानी है।
बता दें कि बल्लेबाज अरुण कार्तिक और गेंदबाज संदीप वारियर की भी टीम में वापसी हुई है। दरअसल, अरुण कार्तिक सात साल के लम्बे अंतराल के बाद तमिलनाडु की टीम में वापस लौटे हैं। वहीं, चोट के कारण वरुण चक्रवर्ती भी टीम में नहीं है। इनके अलावा अभिनव मुकुंद को भी टीम में जगह नहीं मिली है।
बता दें कि आर अश्विन, वाशिंगटन सुंदर और टी नटराजन स्क्वाड में शामिल नहीं किए गए हैं। ये तीनों ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं। वहीं, टीम में मुरुगन अश्विन, आर साई किशोर और एम सिद्धार्थ को शामिल किया गया है। बता दें कि तमिलनाडु को एलीट ग्रुप बी में रखा गया है। टीम गुरुवार से शिविर में हिस्सा लेगी और अभ्यास मैच भी खेलेगी। वहीं, टीम दो जनवरी को कोलकाता के लिए रवाना होगी।
टीम के चयनकर्ता वासुदेवन ने कहा था, 'हमने अरुण कार्तिक और संदीप वारियर को अभ्यास मैच खेलने का मौका दिया है ताकि उनके प्रदर्शन पर नजर डाली जा सके। खिलाड़ियों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए टी-20 प्रारूप के हिसाब से इस समय हमारे पास सबसे अच्छा स्क्वाड है।'
तमिलनाडु का पूरा स्क्वाडः
दिनेश कार्तिक (कप्तान), विजय शंकर (उपकप्तान), बी अपराजित, बी इंद्रजीत, एम शाहरुख खान, सी हरि निशांत, केबी अरुण कार्तिक, प्रदोष रंजन पॉल, एन जगदीसन, अश्विन क्रिस्ट, एम मोहम्मद, जी पेरियासामी, संदीप वारियर, जे कौसिक, आर सोनू यादव, एम अश्विन, आर साई किशोर, एम सिद्धार्थ, एल सूर्यप्रकाश, आर एस जगन्नाथ सिनीवास।