भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और सचिन तेंदुलकर समेत भारतीय क्रिकेट समुदाय ने बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर दिलीप दोषी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनका सोमवार को लंदन में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। वह 77 साल के थे। बीसीसीआई ने भी दिलीप दोशी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
विज्ञापन
दिलीप ने 1979 में 32 वर्ष की उम्र में भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था और 1979 से 1983 के बीच 33 टेस्ट और 15 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने देश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 114 टेस्ट विकेट लिए, जिसमें छह बार पारी में पांच विकेट शामिल है। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया, जहां उन्होंने 238 मैचों में 898 विकेट हासिल किए।
तेंदुलकर ने 1990 के इंग्लैंड दौरे में दोषी के साथ अपनी पहली मुलाकात को याद किया। तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, 'मैं दिलीप भाई से पहली बार 1990 में ब्रिटेन में मिला था और उस दौरे पर उन्होंने मुझे नेट्स पर गेंदबाजी की थी। वह मुझसे बहुत प्यार करते थे और मैंने भी उनकी भावनाओं का सम्मान किया। मुझे उनकी बहुत याद आएगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।'
दिलीप दोषी
- फोटो : BCCI
दिलीप के साथ खेल चुके पूर्व भारतीय ऑलराउंडर और मुख्य कोच रवि शास्त्री ने उन्हें 'बेदाग, एक सज्जन व्यक्ति और बेहतरीन गेंदबाज' के रूप में याद किया। शास्त्री ने कहा, 'उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले। दिलीप दिलीप के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ।' बिशन सिंह बेदी के संन्यास के बाद 1979 में दिलीप ने टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया और 1983 तक कुल 33 मैच खेले और 114 विकेट हासिल किए।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और चयनकर्ता सुनील जोशी ने ट्वीट किया, 'अब भी यकीन नहीं हो रहा है, हमने पिछले बुधवार को ही बात की थी और वह ठीक लग रहे थे। दिलीप दिलीप सर के निधन से दिल टूट गया है। वह मैदान पर महान खिलाड़ी थे और मैदान के बाहर सच्चे सज्जन व्यक्ति थे। वह मेरे लिए बहुत मायने रखते थे और यह क्षति बेहद निजी है। दिलीप परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।'
दिलीप दोषी
- फोटो : Saurashtra Cricket Association
पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने कहा, 'दिलीप भाई के निधन के बारे में सुनकर दिल टूट गया। भगवान उनके परिवार और दोस्तों को इस दुख को सहने की शक्ति दे। नयन (दिलीप के पुत्र) तुम्हारे बारे में सोच रहा हूं दोस्त।'
पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने लिखा, 'दिल टूट गया है और मैं अब भी दिलीप अंकल के निधन से सदमे में हूं। वह वाकई बहुत खास थे।' पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने कहा, 'यह बड़ा सदमा है। भारत के दिग्गज क्रिकेटर दिलीप दिलीप का 77 साल की उम्र में लंदन में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। भगवान उनके परिवार और करीबी लोगों को इस दुख से उबरने की शक्ति दे। उनकी आत्मा को शांति मिले।'
पूर्व क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा और हरभजन सिंह ने भी दिलीप को श्रद्धांजलि अर्पित की। ओझा ने कहा, 'दिलीप दिलीप सर के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। उन्होंने भारतीय क्रिकेट की सेवा गरिमा और धैर्य के साथ की। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।' हरभजन ने लिखा, 'दिलीप दिलीप सर की आत्मा को शांति मिले। परिवार के प्रति संवेदना।'