टीम इंडिया के पूर्व कप्तान व करिश्माई विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने पर उनके दोस्त और वाणिज्यिक साझेदार अरुण पांडे ने इस खिलाड़ी की ब्रांड मूल्य के कम होने की बातों को खारिज करते हुए रविवार को कहा कि वह अब प्रादेशिक सेना के साथ अधिक समय बिताएंगे।
उन्होंने कहा, 'चूंकि 15 अगस्त सेना के लिए विशेष दिन है, उन्होंने संन्यास के बारे में उस नजरिए से भी सोचा होगा। टी20 विश्व कप का स्थगित होना निश्चित रूप से इसकी एक वजह होगी क्योंकि उन्होंने इसके लिए योजना बनाई थी।' प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद पर तैनात धोनी ने शनिवार को इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था। 2019 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारतीय टीम के हारने के बाद, उन्होंने पैराशूट रेजिमेंट के साथ एक महीने से अधिक समय तक प्रशिक्षण लिया था ।
पांडे ने कहा, 'एक बात सुनिश्चित है, वह सेना के साथ अधिक समय बिताएगें। वह अपने वाणिज्यिक उपक्रमों और अन्य प्रतिबद्धताओं के लिए भी समय देगें। हम जल्द ही बैठेंगे और आगे का रास्ता तय करेंगे।' ज्यादातर मामलों में संन्यास के बाद एक एथलीट की 'ब्रांड वैल्यू' कम हो जाती है, लेकिन पांडे ने जोर देकर कहा कि धोनी के साथ ऐसा नहीं होगा।
पांडे ने कहा कि धोनी इंडियन प्रीमियर लीग के अगले दो या तीन सत्र में खेलेंगे। उन्होंने कहा, 'वह कम से कम कुछ और वर्षों के लिए खेलेंगे। संन्यास के कारण वह अब मानसिक रूप से मुक्त होंगे। उनके इस फैसले के पीछे निश्चित रूप से टी20 विश्व कप के टलना एक बड़ा कारण रहा।' टी20 विश्व कप का आयोजन इस साल अक्तूबर-नवंबर में होना था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण उसे 2022 तक टाल दिया गया।